टिकटोली में 110 घरो में लार्वा सर्वे
-----
कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा के मार्गदर्शन एवं जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. एसएन बिंदल के निर्देशन में जिले के विभिन्न विकासखंडों में मलेरिया एवं डेंगू नियंत्रण हेतु स्वास्थ्य विभाग द्वारा निरंतर गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में आज विकासखंड कराहल, बड़ौदा एवं विजयपुर के विभिन्न ग्रामों में लार्वा सर्वे, बुखार रोगियों की जांच, क्षेत्रीय निरीक्षण तथा जन-जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं।
विकासखंड कराहल के ग्राम टिकटोली में स्वास्थ्य टीम द्वारा 110 घरों का लार्वा सर्वे कर 30 मरीजों की मलेरिया किट से जांच की गई, जिनकी जांच रिपोर्ट नेगेटिव पाई गई। टीम में मलेरिया निरीक्षक श्री नरसिंह गौड़, सीएचओ श्री जितेंद्र मीणा, आशा कार्यकर्ता श्रीमती रचना एवं एम.एस.डब्ल्यू. श्री घनश्याम यादव उपस्थित रहे। ग्रामीणों को मच्छरों से बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए घरों के आसपास जलभराव समाप्त करने, पानी के पात्रों को ढककर रखने तथा कूलर एवं पानी की टंकियों की नियमित सफाई करने की समझाइश दी गई। साथ ही बुखार आने पर तत्काल रक्त की जांच कराने एवं चिकित्सकीय सलाह के अनुसार पूर्ण उपचार लेने के लिए प्रेरित किया गया।
विकासखंड बड़ौदा के प्रेमसर एवं अडवाड़ क्षेत्र में मलेरिया नियंत्रण गतिविधियों का निरीक्षण एवं समीक्षा की गई। मलेरिया निरीक्षक श्री मानसिंह पारस एवं एम.टी.एस. श्री अरविन्द गर्ग द्वारा एएनएम, सीएचओ एवं आशा कार्यकर्ताओं द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रेमसर में लैब का निरीक्षण कर मलेरिया संबंधी जांच एवं रिपोर्टिंग की जानकारी ली गई। इसी प्रकार अडवाड़ में टीकाकरण सत्र स्थल एवं समुदाय में भ्रमण कर ग्रामीणों को मलेरिया एवं डेंगू से बचाव के संबंध में जागरूक किया गया।
विकासखंड विजयपुर के ग्राम दरिगमा, शाला, बरौली, सुखवास एवं अर्राेदरी में बुखार रोगियों की जांच के साथ समुदाय बैठक आयोजित कर ग्रामीणों को मलेरिया नियंत्रण एवं रोकथाम के उपायों की जानकारी दी गई। ग्रामीणों को समझाइश दी गई कि घर एवं आसपास अनावश्यक रूप से पानी जमा न होने दें, मच्छरदानी का उपयोग करें तथा बुखार आने पर तत्काल रक्त की जांच कराएं। आशा कार्यकर्ताओं द्वारा लार्वा सर्वे एवं बुखार रोगियों की जांच भी की गई। इस दौरान एम.टी.एस. साहिब कुरैशी, बी.सी.एम. कमल किशोर एवं आशा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा ग्रामीणों से अपील की गई है कि मलेरिया एवं डेंगू की रोकथाम में सामुदायिक सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है। घरों में रखे पानी के बर्तनों को ढककर रखें, कूलर एवं पानी की टंकियों को सप्ताह में कम से कम एक बार खाली कर साफ करें तथा आसपास पानी जमा न होने दें। किसी भी प्रकार का बुखार होने पर स्वयं उपचार न लेते हुए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर रक्त की जांच अवश्य कराएं।
-
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#sheopur