ईवीएम वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था की डीएम-एसएसपी ने की समीक्षा
मासिक निरीक्षण में चौबीसों घंटे निगरानी के साथ दिए अन्य निर्देश
छपरा
जिलाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और वरीय पुलिस अधीक्षक रोशन कुमार ने मंगलवार को सदर प्रखंड के समीप स्थित ईवीएम वेयरहाउस का संयुक्त रूप से मासिक निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने ईवीएम की सुरक्षा, भंडारण व्यवस्था और निगरानी तंत्र का जायजा लेते हुए संबंधित मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने इन्वेंट्री रजिस्टर का अवलोकन किया और वेयरहाउस में रखी ईवीएम मशीनों के स्टॉक का मिलान करते हुए भंडारण व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने परिसर में प्रवेश नियंत्रण, मशीनों के सुरक्षित रखरखाव और सुरक्षा प्रबंधों की भी जांच की।
जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने स्पष्ट किया कि वेयरहाउस में वर्तमान में रेडी-टू-यूज ईवीएम मशीनें रखी गई हैं। ऐसे में इनकी सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतना आवश्यक है। मशीनों को निर्धारित मानकों के अनुरूप सीलबंद अवस्था में डबल लॉक सिस्टम के तहत सुरक्षित रखने पर जोर दिया गया।
वहीं, वरीय पुलिस अधीक्षक रोशन कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की। अधिकारियों ने परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली, नियंत्रण कक्ष से निगरानी और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि वेयरहाउस की निगरानी व्यवस्था चौबीसों घंटे सक्रिय रहनी चाहिए तथा सुरक्षा से जुड़ी प्रत्येक गतिविधि का नियमित रिकॉर्ड लॉग बुक में दर्ज किया जाए।
दोनों अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने और सभी निर्धारित प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के अवसर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी जावेद एकबाल, जदयू जिलाध्यक्ष बैद्यनाथ प्रसाद सिंह विकल, कांग्रेस के फिरोज इकबाल, लोजपा (रा) के मृत्युंजय कुमार, सीपीआई एमएल के अखिलेश कुमार, भवन प्रमंडल के अधीक्षण अभियंता सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे.
1 views | Saharsa, Bihar | Oct 13, 2026