सांदीपनि विद्यालय को उत्कृष्ट एवं आदर्श शैक्षणिक संस्था के रूप में विकसित करने पर जोर
संयुक्त संचालक लोक शिक्षण, जबलपुर संभाग श्री घनश्याम सोनी ने शासकीय सांदीपनि विद्यालय बिछिया में प्राचार्य एवं शिक्षकों की बैठक लेकर विद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, नियमित उपस्थिति, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, स्वच्छता, पेयजल एवं विद्यालय के समग्र विकास के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
श्री सोनी ने कहा कि सांदीपनि विद्यालय को उत्कृष्ट एवं आदर्श शैक्षणिक संस्था के रूप में विकसित करने के लिए शिक्षक पूर्ण समर्पण, अनुशासन एवं टीम भावना से कार्य करें। उन्होंने विद्यार्थियों की विषयवार प्रगति का सतत मूल्यांकन करते हुए कमजोर विद्यार्थियों के लिए विशेष शिक्षण एवं अतिरिक्त अभ्यास की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने विद्यालय परिसर की स्वच्छता, सुरक्षित वातावरण, उपलब्ध शैक्षणिक संसाधनों के प्रभावी उपयोग तथा वर्षा जल संचयन एवं जल संरक्षण को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया। इस दौरान उन्होंने व्यावसायिक प्रयोगशाला का अवलोकन कर उसके नियमित उपयोग के निर्देश दिए।
बैठक में संभागीय व्यावसायिक समन्वयक मनोज काशिव, संस्था प्राचार्य सहित शिक्षक एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh
#mandla