बारां में कामखेड़ा जा रही श्रद्धालुओं से भरी पिकअप पलटी,
सारथल हाईवे पर हादसे में महिला-बच्चों समेत करीब डेढ़ दर्जन घायल, कई की हालत गंभीर
सारथल राष्ट्रीय राजमार्ग पर श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में महिला, पुरुष और बच्चों सहित कई लोग घायल हो गए, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। यह घटना सारथल थाना क्षेत्र में हुई।
जानकारी के अनुसार, सारथल निवासी ये श्रद्धालु दर्शन और रसोई के लिए कामखेड़ा जा रहे थे। पिकअप में तीन दर्जन से अधिक लोग सवार थे। मालीपुरा के समीप वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया और पलट गया।
घटना की सूचना मिलते ही सारथल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से घायलों को 108 एम्बुलेंस और निजी वाहनों से उपचार के लिए अकलेरा भेजा गया।
Sangod, Kota | Aug 26, 2026