बेगूसराय के प्रभारी मंत्री रामकृपाल यादव बुधवार को बाढ़ पीड़ितों से मिलने पहुंचे। इस दौरान चमचमाती थाली में बाढ़ पीड़ितों के साथ मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के भोजन करने और दियारा के पीड़ितों को पत्तल में शुद्ध भोजन न मिलने के सवाल पर मंत्री गुस्सा हो गए।
गौरतलब हो कि गंगा नदी के जलस्तर से दियारा क्षेत्र के पांच पंचायत दादूपुर, बिशनपुर, चमथा एक, दो और तीन पर बाढ़ जैसे हालात से जूझ रहे हैं। इन पंचायतों के बेघर लोग अलग-अलग जगहों पर रह रहे हैं।
जिनसे मिलने बुधवार को प्रभारी मंत्री रामकृपाल यादव समस्तीपुर जिले के विद्यापति नगर प्रखंड स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय नगड़ा ढाला और विद्यापति नगर हाई स्कूल पहुंचे और उन्होंने पीड़ितों की समस्याएं सुनीं।
बाढ़ पीड़ितों ने मंत्री के सामने पशु चारा, पॉलीथिन शीट, शुद्ध भोजन और सुरक्षा व्यवस्था जैसी कई समस्याएं रखीं। इसके बाद मंत्री ने जिलाधिकारी रिची को से मोबाइल पर बात की और तुरंत पशु चारा, पॉलीथिन शीट, सुरक्षा व्यवस्था और बाढ़ पीड़ितों को पर्याप्त व्यवस्था मुहैया कराने का निर्देश दिया।
पीड़ितों ने यह भी कहा कि ताकतवर लोगों को सब कुछ मिल जाता है, जबकि कमजोरों को कुछ नहीं मिलता। जिस पर स्थानीय विधायक सुरेंद्र मेहता ने अंचलाधिकारी प्रीतम गौतम को फटकार लगाई और पीड़ितों को समुचित व्यवस्था उपलब्ध कराने को कहा।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बाढ़ पीड़ितों के साथ चमचमाती थाली में भोजन करने और दियारा क्षेत्र के प्रभावित लोगों को पत्तल में शुद्ध भोजन तक न मिलने के सवाल पर मंत्री रामकृपाल यादव ने गुस्सा होकर कहा कि यह राजनीतिक सवाल है।
उन्होंने आगे कहा कि वे लगातार बेगूसराय में रहकर बाढ़ प्रभावित लोगों से मिल रहे हैं और उनकी समस्याओं को हल करने की कोशिश कर रहे हैं। जो समस्याएं सामने आई हैं, उनका समाधान होगा और बाढ़ पीड़ितों को सही व्यवस्थाएं दी जाएंगी और सरकारी खजाने पर पहला हक बाढ़ पीड़ितों का है।
जब उनसे दियारा क्षेत्र के पांच पंचायतों को बाढ़ प्रभावित घोषित करने के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि सरकार इस पर विचार कर रही है और इन बातों को भी सरकार के सामने रखा जाएगा।
मौके पर एडीएम बृज किशोर चौधरी, प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ अमित कुमार, प्रखंड प्रमुख सुधाकर मेहता, बीपीआरओ विश्वनाथ कुमार, सांसद प्रतिनिधि प्रभाकर राय, मुखिया अमरजीत कुमार राय, संजय दास, राकेश कुमार राय, मुखिया प्रतिनिधि मुन्ना राय, शिवनारायण राउत और पूर्व मुखिया श्री राम राय सहित अन्य लोग मौजूद रहे।