करोड़ों की लागत से बने स्टेडियम की बदहाली, खिलाड़ियों को नहीं मिल रहीं जरूरी सुविधाएं
छत की चादरें उड़ीं, रखरखाव पर सवाल; खिलाड़ियों ने मरम्मत और सुविधाएं बहाल करने की मांग उठाई
डिंडोरी आदिवासी क्षेत्र के बच्चों और खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लाखों-करोड़ों रुपये की लागत से तैयार किए गए स्टेडियम की मौजूदा स्थिति पर सवाल उठ रहे हैं। खिलाड़ियों का आरोप है कि परिसर में जरूरी सुविधाओं और नियमित रखरखाव का अभाव है, जिसके चलते स्टेडियम की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है।
खिलाड़ियों के मुताबिक, स्टेडियम की ऊपरी हिस्से में लगी कई चादरें उड़ चुकी हैं। परिसर में जहां बेहतर खेल सुविधाओं के साथ गार्डन और अन्य व्यवस्थाएं होनी चाहिए थीं, वहां रखरखाव की कमी दिखाई दे रही है। खिलाड़ियों ने परिसर में असामाजिक गतिविधियों और शराबखोरी होने के भी आरोप लगाए हैं।
राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट टूर्नामेंटों में हिस्सा ले चुके तथा खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने वाले रवि राज बिलैया ने स्टेडियम की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए जल्द मरम्मत और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। उनका कहना है कि स्टेडियम को व्यवस्थित किया जाए, ताकि बच्चे और खिलाड़ी नियमित रूप से यहां अभ्यास कर सकें।
वहीं, स्टेडियम के लिए फंडिंग को लेकर खेल विभाग के अधिकारी से सवाल किए जाने पर अधिकारी ने बताया कि “मेरे पास फंडिंग नहीं आती।”
ऐसे में सवाल उठ रहा है कि खिलाड़ियों और बच्चों के लिए तैयार किए गए इस स्टेडियम के रखरखाव की जिम्मेदारी किसकी है और इसके लिए बजट की व्यवस्था कैसे की जा रही है। खिलाड़ियों ने प्रशासन से स्टेडियम का निरीक्षण कराकर जल्द मरम्मत एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।
#DindoriNews #SportsGround #Dindori #MadhyaPradeshNews #BreakingNews #HALCHAL24NEWS