गिठोरी विवाद में FIR की मांग को लेकर SP कार्यालय पहुंचे ग्रामीण
कंपनी अधिकारियों-कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग, घंटों चला प्रदर्शन और नारेबाजी; जांच के लिए DSP को जिम्मेदारी
उमरिया पाली ग्राम गिठोरी में बजरंग पावर इस्पात लिमिटेड के अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच हुए विवाद का मामला अब पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंच गया है। एफआईआर की मांग को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीण और कांग्रेस नेता एसपी कार्यालय पहुंचे और प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की।
कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष पाली रवि मिश्रा और आदिवासी कांग्रेस जिला अध्यक्ष मनीष सिंह बड़करे के नेतृत्व में पहुंचे ग्रामीणों ने विवाद में शामिल कंपनी के अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस कार्यालय के बाहर बैरिकेडिंग कर पुलिस बल तैनात किया गया। करीब एक से दो घंटे तक प्रदर्शन और नारेबाजी चलती रही।
ग्रामीणों की एसपी से मुलाकात की मांग के बाद पुलिस अधीक्षक विजय बघवानी ने उनसे चर्चा की। एसपी ने बताया कि मामले की जांच के लिए डीएसपी विजय परस्ते को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर विधि अनुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी साक्ष्य मिलने पर दो से तीन दिन में जांच पूरी की जा सकती है।
पुलिस के अनुसार विवाद की पृष्ठभूमि में क्षेत्र में कंपनी को मिले नौ कोल ब्लॉक भी हैं। कंपनी के अधिकारी साइट विजिट के लिए क्षेत्र में आते रहते हैं। ग्रामीणों को आशंका है कि उनकी जमीनों पर भी कंपनी का कब्जा हो सकता है। फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही विवाद की पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।
#Githori #UmariaNews #PaliNews #BreakingNews #MadhyaPradeshNews #HALCHAL24NEWS