लापता बेटे पर लड़की भगाने का आरोप, दबंगों ने कब्जाई जमीन और बकरी; पीड़िता ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार
टीकमगढ़:बलदेवगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक पीड़ित महिला ने अपने गुमशुदा बेटे को ढूंढने और गांव के लोगों द्वारा किए जा रहे उत्पीड़न के खिलाफ पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है। पीड़िता अनीता रजक ने जिला प्रशासन और पुलिस अधीक्षक (SP) से मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
बेटे के लापता होने के बाद से बढ़ा विवाद
पीड़िता अनीता रजक के अनुसार, उनका बेटा बीते कई दिनों से लापता है, जिसकी शिकायत उन्होंने बल्देवगढ़ थाने में दर्ज कराई थी। पीड़िता का आरोप है कि बेटे के गायब होने के बाद गांव के कुछ लोगों ने उस पर लड़की भगाने का मनगढ़ंत आरोप लगा दिया।
जमीन और मवेशी जबरन कब्जे में लेने का आरोप
पीड़िता का यह भी गंभीर आरोप है कि इस विवाद की आड़ में सामाजिक पंचायत बैठाकर उनकी जमीन और घर में मौजूद बकरियों को दबंगों द्वारा जबरन अपने कब्जे में ले लिया गया है।
निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग
रजक समाज और पीड़िता ने टीकमगढ़ पुलिस अधीक्षक व कलेक्टर का ध्यान आकर्षित करते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने तथा आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर कब्जा मुक्त कराने की मांग की है।
Hardoi, Hardoi | Sep 15, 2026