जन अभियान परिषद उपाध्यक्ष मोहन नागर ने आजीविका प्रशिक्षण केंद्र का किया अवलोकन, प्रशिक्षणार्थियों से किया संवाद
आगर-मालवा। जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष मोहन नागर ने गुरुवार को आगर-मालवा स्थित आजीविका सामुदायिक प्रशिक्षण केंद्र का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में संचालित विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों एवं आजीविका संवर्धन से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी लेते हुए उनके संचालन की प्रक्रिया का जायजा लिया।
केंद्र में समूह की महिलाओं एवं युवाओं को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से विभिन्न रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। अवलोकन के दौरान मोहन नागर ने पशुपालन प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रतिभागियों से संवाद किया। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से प्रशिक्षण के अनुभव, पशुपालन से जुड़ी गतिविधियों और इसके माध्यम से उपलब्ध हो रहे आजीविका के अवसरों के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
इसके साथ ही उन्होंने केंद्र परिसर में विकसित वर्मीपिट एवं पोषण वाटिका का अवलोकन किया तथा टेक होम राशन पैकेजिंग गतिविधि की कार्यप्रणाली को भी समझा। इस दौरान केंद्र में संचालित गतिविधियों और उनके माध्यम से महिलाओं एवं युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के प्रयासों की जानकारी दी गई।
यह जानकारी एनआरएलएम के संजीव सक्सेना द्वारा दी गई।