पंचायत उप निर्वाचन 2026 के प्रेक्षक डॉ. रजनीश श्रीवास्तव खरगोन पहुंचे
________________
दो चरणों में जिले के निर्वाचन क्षेत्रों का करेंगे सघन पर्यवेक्षण
________________
मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं से लेकर कानून-व्यवस्था एवं मतगणना तक की करेंगे समीक्षा
________________
खरगोन 15 सितंबर 2026। मध्य प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा पंचायत उप निर्वाचन 2026 (पूर्वार्द्ध) को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से राज्य प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी डॉ. रजनीश श्रीवास्तव को खरगोन जिले के लिए प्रेक्षक नियुक्त किया गया है। आयोग के निर्देशानुसार प्रेक्षक डॉ. श्रीवास्तव 14 सितंबर 2026 को खरगोन जिले में पहुंच गए हैं।
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार प्रेक्षक डॉ. श्रीवास्तव दो चरणों में जिले के निर्वाचन क्षेत्रों का दौरा कर निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं एवं तैयारियों का पर्यवेक्षण करेंगे। प्रथम चरण में 14 से 18 सितंबर 2026 तथा द्वितीय चरण में 28 सितंबर से 5 अक्टूबर 2026 तक वे जिले में निर्वाचन कार्यों की निगरानी करेंगे।
दौरे के दौरान प्रेक्षक द्वारा मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाओं, कानून-व्यवस्था, आदर्श आचार संहिता के पालन, निर्वाचन सामग्री वितरण, मतदान प्रक्रिया तथा मतगणना से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा की जाएगी। साथ ही निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारू एवं पारदर्शी बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी भी ली जाएगी।
प्रेक्षक डॉ. श्रीवास्तव निर्वाचन से संबंधित सुझाव, शिकायत अथवा अन्य विषयों के संबंध में अभ्यर्थियों, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों से भी संपर्क करेंगे।
#JansamparkMP #khargone