#बालाघाट
भारतीय ज्ञान परंपरा के ऐतिहासिक वैभव और प्रासंगिकता पर हुआ विशेष व्याख्यान
प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय जटाशंकर त्रिवेदी स्नातकोत्तर महाविद्यालय बालाघाट में भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ के तत्वावधान में 10 सितंबर 2026 को ‘भारतीय ज्ञान परंपरा : कुछ ऐतिहासिक संदर्भ’ विषय पर विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय ज्ञान परंपरा के इतिहास, सांस्कृतिक एवं बौद्धिक विरासत तथा वर्तमान समय में उसकी प्रासंगिकता से परिचित कराना था।
विषय विशेषज्ञ सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी डॉ. श्रीकांत पांडेय ने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा केवल प्राचीन ज्ञान का संग्रह नहीं, बल्कि जीवन को समग्र, संतुलित और मानवीय दृष्टि से देखने वाली व्यापक परंपरा है। उन्होंने तक्षशिला, नालंदा एवं सारनाथ जैसे ऐतिहासिक संदर्भों के माध्यम से भारतीय शिक्षा, ज्ञान, दर्शन, प्रशासन एवं संस्कृति की समृद्ध परंपरा पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी ज्ञान-विरासत के वैज्ञानिक, तार्किक एवं मानवीय पक्षों को समझने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार मराठे ने की। विशिष्ट अतिथि सिवनी पी.जी. कॉलेज के पूर्व प्राचार्य एवं सेवानिवृत्त प्राध्यापक डॉ. सतीश चिले ने भारतीय परंपरा में प्रकृति एवं पर्यावरण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए पंचतत्व की अवधारणा को रेखांकित किया। कार्यक्रम का आयोजन जिला नोडल अधिकारी डॉ. कचन मसराम के नेतृत्व एवं प्रकोष्ठ की संयोजक डॉ. रचना कोरी के संयोजन में हुआ। महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। संचालन प्रो. सुंदर बिसेन ने किया।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #highereducation
9 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Sep 10, 2026