श्योपुर पुलिस को मिली दो मोबाइल फॉरेंसिक वैन
घटनास्थल पर ही जुटाए जा सकेंगे वैज्ञानिक साक्ष्य
----
अपराधों की जांच को अधिक वैज्ञानिक एवं प्रभावी बनाने की दिशा में श्योपुर पुलिस को दो मोबाइल फॉरेंसिक वैन उपलब्ध कराई गई हैं। इन मोबाइल फॉरेंसिक वैन के माध्यम से पुलिस को अपराध स्थल पर ही वैज्ञानिक साक्ष्यों के संग्रहण, संरक्षण एवं प्रारंभिक परीक्षण में सुविधा मिलेगी। पुलिस अधीक्षक श्री मोती उर रहमान द्वारा पुलिस मुख्यालय से प्राप्त दोनो फॉरेसिंक वैन को पुलिस कार्यालय पर पूजन-अर्चन के बाद फॉरेसिंक टीम को सौपा गया।
मोबाइल फॉरेंसिक वैन आधुनिक फॉरेंसिक उपकरणों से लैस चलित प्रयोगशाला के रूप में कार्य करती है। हत्या, चोरी, लूट, सड़क दुर्घटना, आगजनी सहित अन्य गंभीर अपराधों के मामलों में फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंचकर मौके की वैज्ञानिक तरीके से जांच कर सकेगी। घटनास्थल से फिंगरप्रिंट, रक्त के नमूने, बाल, कपड़े, हथियार एवं अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार एकत्र कर सुरक्षित किया जा सकेगा।
इन वैन की उपलब्धता से घटनास्थल पर साक्ष्यों के संग्रहण और दस्तावेजीकरण में तेजी आएगी। साथ ही साक्ष्यों को सुरक्षित तरीके से संरक्षित कर आगे की विस्तृत फॉरेंसिक जांच के लिए प्रयोगशाला भेजने में भी मदद मिलेगी। मोबाइल एवं अन्य डिजिटल उपकरणों से संबंधित साक्ष्यों के संरक्षण और प्रारंभिक फॉरेंसिक कार्यवाही में भी यह सुविधा उपयोगी होगी।
दो मोबाइल फॉरेंसिक वैन उपलब्ध होने से जिले के ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में होने वाले अपराधों में भी फॉरेंसिक टीम को घटनास्थल तक पहुंचने में सुविधा होगी। इससे पुलिस जांच में वैज्ञानिक साक्ष्यों के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा और अपराध अनुसंधान की प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित एवं साक्ष्य आधारित बनाने में सहायता मिलेगी।
-
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
SP Sheopur
#JansamparkMP
#sheopur
5 views | Sheopur, Madhya Pradesh | Sep 16, 2026