माटी गणेश, सिद्ध गणेश कार्यशाला में बनाई गणेश प्रतिमाएं
-----
पर्यावरण संरक्षण एवं मिट्टी से बनी गणेश प्रतिमाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा चयनित नवांकुर संस्थाओं के संयुक्त तत्वावधान में “माटी गणेश, सिद्ध गणेश” निर्माण कार्यशाला का आयोजन किया गया। विकासखंड विजयपुर के सेक्टर गसवानी अंतर्गत ग्राम कीजरी सहित अन्य क्षेत्रों में आयोजित कार्यशाला में महिलाओं, बच्चों, छात्र-छात्राओं एवं प्रस्फुटन समितियों के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वयं मिट्टी से भगवान गणेश की प्रतिमाएं तैयार कीं।
ग्राम कीजरी में आयोजित कार्यक्रम में नवांकुर संस्था माता पार्वती ग्राम उत्थान समिति एवं शिवांश युवक मंडल समिति विजयपुर के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में डॉ. संजय सिंह चौहान, वरिष्ठ समाजसेवी श्री कमल सिंह गौतम, जन अभियान परिषद की जिला समन्वयक श्रीमती नेहा सिंह, ब्लॉक समन्वयक श्रीमती नीतू सिंह गौतम आदि मौजूद रहे। प्रशिक्षक सुश्री प्रियंका मौर्य द्वारा प्रतिभागियों को मिट्टी से गणेश प्रतिमा बनाने की विधि का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं और बच्चों ने विशेष उत्साह एवं रचनात्मकता के साथ गणेश प्रतिमाओं का निर्माण किया।
इस अवसर पर ब्लॉक समन्वयक श्रीमती नीतू सिंह गौतम ने सीएमसीएलडीपी के छात्र-छात्राओं को मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद की गतिविधियों एवं योजनाओं की जानकारी दी। अतिथियों द्वारा छात्र-छात्राओं को पुस्तकों का वितरण भी किया गया। एमएसडब्ल्यू एवं बीएसडब्ल्यू का अध्ययन कर रहे विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए अतिथियों ने कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के अवसर कहीं से भी प्राप्त किए जा सकते हैं, आवश्यकता केवल अवसरों को पहचानने और आगे बढ़ने की इच्छा की है।
कार्यक्रम के दौरान मेंटर श्री राकेश जाटव एवं श्री दोजीराम जाटव सहित उपस्थित अतिथियों ने लोगों से अपील की कि गणेश चतुर्थी पर अपने हाथों से बनाई गई माटी की गणेश प्रतिमा को घर में स्थापित करें और पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाएं। उपस्थित महिलाओं, बच्चों एवं ग्रामीणों को प्रतिवर्ष मिट्टी के गणेश बनाने तथा पर्यावरण अनुकूल गणेशोत्सव मनाने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं माटी की गणेश प्रतिमाओं को बढ़ावा देने का संकल्प भी दिलाया गया।
कार्यक्रम का संचालन नवांकुर संस्था प्रतिनिधि श्री नितेश शर्मा ने किया। वहीं विकासखंड विजयपुर के सेक्टर ए गसवानी की नवांकुर संस्थाओं द्वारा ग्राम कीजरी में आयोजित प्रशिक्षण में नवांकुर संस्था के सचिव श्री दुर्गेश गोस्वामी तथा कीजरी, बड़ौदा कला, सारंगपुर एवं गसवानी की प्रस्फुटन समितियों के अध्यक्ष, सचिव एवं मेंटर श्री राकेश जाटव उपस्थित रहे।
-
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#sheopur