भारोत्तोलन में जहानाबाद ने जीते 12 पदक, मगध बना ओवरऑल चैंपियन
चार दिवसीय राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का समापन, जहानाबाद के खिलाड़ियों ने चार स्वर्ण और आठ रजत पदक जीते
जहानाबाद : खेल भवन-सह-व्यायामशाला में आयोजित चार दिवसीय राज्य स्तरीय विद्यालय भारोत्तोलन प्रतियोगिता का सोमवार को समापन हो गया। प्रतियोगिता में मगध प्रमंडल ओवरऑल चैंपियन बना, जबकि पटना प्रमंडल उपविजेता रहा। मेजबान जहानाबाद जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार स्वर्ण और आठ रजत सहित कुल 12 पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया। जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को पदक, शील्ड और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
प्रतियोगिता में अंडर-17 बालक वर्ग में एकलव्य की टीम विजेता और मगध प्रमंडल उपविजेता रहा। वहीं, अंडर-19 वर्ग में मगध प्रमंडल ने पहला और पटना प्रमंडल ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। अंडर-17 वर्ग में सारण के रणवीर कुमार और अंडर-19 वर्ग में मगध के अनिकेस राज साहिल को सर्वश्रेष्ठ भारोत्तोलक चुना गया।
प्रतियोगिता में बिहार के नौ प्रमंडलों और एकलव्य राज्य आवासीय प्रशिक्षण केंद्र के खिलाड़ियों ने भाग लिया। नौ अक्टूबर से शुरू हुई प्रतियोगिता का समापन 12 अक्टूबर को हुआ।
जहानाबाद के खिलाड़ियों की उपलब्धि पर जिला पदाधिकारी ने प्रसन्नता जताते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों को आगामी राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता में भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही प्रतियोगिता के सफल आयोजन में योगदान देने वाले पदाधिकारियों, तकनीकी कर्मियों और अन्य सदस्यों की सराहना की।