#बलरामपुर सदर विधायक व जिला पंचायत अध्यक्ष ने किया 'आंगन मिलन' का शुभारंभ; गोदभराई, अन्नप्राशन व रेसिपी प्रदर्शनी से दिया सुपोषण का संदेश
बलरामपुर। सेवा संकल्प अभियान व राष्ट्रीय पोषण माह के तहत सोमवार को बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग के तत्वावधान में 'आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम' आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि सदर विधायक पल्टूराम, जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री आरती तिवारी व ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि गोविन्द सोनकर ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं की गोदभराई, शिशुओं का अन्नप्राशन और 'हेल्दी बेबी शो' आयोजित कर अभिभावकों को सही पोषण व स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। स्थानीय पौष्टिक आहार पर आधारित रेसिपी प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रही।
सदर विधायक पल्टूराम ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर धात्री माताओं और बच्चों तक पोषण व स्वास्थ्य का संदेश पहुंचाएं। उन्होंने कुपोषण के खिलाफ लड़ाई को जन-आंदोलन बनाने और पात्रों तक सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने पर जोर दिया। जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी ने कहा कि कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण में विभागीय प्रयासों के साथ सामुदायिक सहभागिता बेहद जरूरी है।
अंत में जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने जनपद को कुपोषण मुक्त बनाने का संकल्प लिया। इस दौरान बड़ी संख्या में विभागीय कर्मचारी व आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां मौजूद रहीं।
#balrampur