देवास में दर्दनाक हादसा: ट्रक की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत, पति-बेटी घायल
बेटी के लिए स्वेटर खरीदने बाजार जा रहा था परिवार, जिला अस्पताल में मां का शव स्ट्रेचर पर देख बिलखती रही 14 साल की बेटी
देवास। मक्सी बायपास के पास ट्रक की टक्कर से बाइक सवार एक महिला की मौत हो गई, जबकि उनके पति और 14 वर्षीय बेटी घायल हो गए। हादसे में ज्योति वर्मा (35) की जान चली गई। परिवार बेटी के लिए स्वेटर खरीदने देवास बाजार जा रहा था। जिस बेटी के लिए मां स्वेटर खरीदने निकली थी, उसे अस्पताल में मां का शव देखकर बिलखते छोड़ गई।
जानकारी के अनुसार, छोटा मालसापुरा निवासी अखिलेश वर्मा (40) अपनी पत्नी ज्योति और बेटी नंदिनी के साथ बाइक से देवास आ रहे थे। मक्सी बायपास के पास एक ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों सड़क पर गिर पड़े और घायल हो गए।
सूचना मिलने पर बीएनपी थाने की डायल 112 की गाड़ी मौके पर पहुंची। तीनों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद ज्योति को मृत घोषित कर दिया। अखिलेश के पैर और बेटी नंदिनी के हाथ में चोट आई है। अखिलेश निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। उनका अस्पताल में उपचार जारी है।
स्ट्रेचर पर मां का शव, पास बैठी बिलखती रही बेटी
हादसे के बाद जिला अस्पताल में जो दृश्य सामने आया, वह हर किसी को भावुक कर देने वाला था। मां ज्योति का शव स्ट्रेचर पर रखा था और 14 साल की नंदिनी उसके पास बैठकर बिलख रही थी। कभी वह मां को देखती तो कभी परिजनों को फोन लगाती। कुछ देर पहले जिस मां के साथ वह बाजार जाने के लिए घर से निकली थी, उसी मां को इस हालत में देखकर वह खुद को संभाल नहीं पा रही थी।
दूसरी ओर, पिता अखिलेश भी घायल अवस्था में इमरजेंसी में भर्ती थे और उनका उपचार चल रहा था। एक सड़क हादसे ने परिवार की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया।
ज्योति का जिला अस्पताल में पोस्टमॉर्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। बीएनपी पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।