जनजाति गौरव दिवस पर खेल और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में 658 विद्यार्थियों ने दिखाया दमखम
बागली, खातेगांव और कन्नौद के 35 विद्यालयों ने लिया हिस्सा, कबड्डी से लेकर रंगोली और भाषण प्रतियोगिताएं हुईं आयोजित
देवास। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और जनजाति गौरव दिवस के अवसर पर बागली, खातेगांव और कन्नौद विकासखंड में आयोजित अंतरविद्यालयीन खेल एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में 35 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। 12 और 13 नवंबर को आयोजित इन प्रतियोगिताओं में कुल 658 विद्यार्थी सहभागिताएं दर्ज की गईं।
जनजाति विकास मंच और शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिताओं में बालकों के लिए कबड्डी और बालिकाओं के लिए रस्साकशी, रंगोली, चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं रखी गईं। कबड्डी में 27 विद्यालयों के 270 विद्यार्थी शामिल हुए, जबकि रस्साकशी में 250, रंगोली में 104 और चित्रकला व भाषण प्रतियोगिताओं में क्रमशः 18 और 16 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिताओं से पहले विद्यालय स्तर पर चयन प्रक्रिया पूरी की गई थी। विकासखंड स्तर पर शिक्षकों की अलग-अलग टीमें बनाकर आयोजन और निर्णयन की जिम्मेदारियां सौंपी गईं। समापन अवसर पर विजेता प्रतिभागियों और टीमों को शील्ड एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। आयोजन में सहयोग करने वाले शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यालयों के प्राचार्यों का भी सम्मान किया गया।
आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को भगवान बिरसा मुंडा के जीवन और संघर्ष के साथ स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय महापुरुषों के योगदान से परिचित कराना और जनजातीय संस्कृति एवं परंपराओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। जनजाति विकास मंच वर्ष 2020 से जनजाति गौरव दिवस पर इस तरह के आयोजन कर रहा है।
कार्यक्रमों में बागली विधायक मुरली भंवरा, खातेगांव-कन्नौद विधायक आशीष शर्मा, जनजाति मोर्चा की जिला अध्यक्ष टिंकी बारेला सहित जनजाति विकास मंच और शिक्षा विभाग के पदाधिकारी, अधिकारी एवं शिक्षक मौजूद रहे। तीनों विकासखंडों में आयोजन को सफल बनाने में विद्यालयों के प्राचार्यों और शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।