नदी में घड़ियाल दिखने से मचा हड़कंप, ग्रामीणों में दहशत; बच्चों और पशुओं की सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता
जारी, प्रयागराज। कौंधियारा थाना क्षेत्र के रामपुर गांव के पास शुक्रवार को नदी में घड़ियाल दिखाई देने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। नदी में घड़ियाल देखे जाने की खबर फैलते ही आसपास के गांवों में दहशत का माहौल बन गया।
ग्रामीणों के मुताबिक, घड़ियाल दिखाई देने के बाद लोग नदी के आसपास जाने से कतरा रहे हैं। एहतियात के तौर पर ग्रामीणों ने बच्चों और पशुओं को नदी के किनारे जाने से रोकना शुरू कर दिया है।
ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना देकर मौके पर पहुंचकर घड़ियाल की स्थिति का जायजा लेने, निगरानी कराने और आवश्यक सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते वन विभाग ने कार्रवाई नहीं की तो कोई अप्रिय घटना हो सकती है।
अब ग्रामीणों की निगाहें वन विभाग की कार्रवाई पर टिकी हैं।
Bara, Allahabad | Nov 13, 2026