सुरसंड में ऐतिहासिक दुर्गा पूजा की तैयारी तेज, 21 हजार से अधिक कन्याएं कलश शोभायात्रा में होंगी शामिल
सुरसंड। ऐतिहासिक दुर्गा पूजा को लेकर सुरसंड में तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। बुधवार को दुर्गा पूजा समिति की ओर से भगवती के नौ स्वरूपों के प्रतीक के रूप में कुंवारी कन्याओं को विधिवत निमंत्रण दिया गया। इस दौरान पूजक सह नगर पंचायत अध्यक्ष पप्पू कुमार चौधरी सहित समिति के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बताया गया कि सुरसंड की ऐतिहासिक दुर्गा पूजा के दौरान नवरात्र के प्रथम दिन भव्य कलश शोभायात्रा निकाली जाती है। इस शोभायात्रा में 21 हजार से अधिक कुंवारी कन्याओं के शामिल होने की परंपरा है। इसे लेकर पूजा समिति द्वारा तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
कन्याओं को निमंत्रण देने के साथ ही पूजा आयोजन से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं को भी अंतिम रूप देने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। समिति के सदस्यों ने बताया कि इस वर्ष भी श्रद्धालुओं की बड़ी भागीदारी की उम्मीद है। इस मौके पर पूजा समिति के अध्यक्ष महंत शोभा दास, उपाध्यक्ष रामसोगारथ पासवान, सचिव अशोक चौधरी, उपसचिव संगीता देवी, सहित दर्जनों श्रद्धालु शामिल हुए।
Dumra, Sitamarhi | Oct 7, 2026