कोटा भामाशाह मंडी में फुटपाथ और सड़क किनारे से हटवाया अतिक्रमण, कार्रवाई का विरोध भी
दुकानदारों ने कार्रवाई का जताया विरोध, होमगार्ड जवानों से बहस ओर धक्का-मुक्की
कोटा की भामाशाह मंडी में शुक्रवार को अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई देखने को मिली। मंडी क्षेत्र में फुटपाथ और सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तरुणकांत सोमानी के नेतृत्व में इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
जानकारी के अनुसार, 20 नवंबर 2026 को सचिव साहब के निर्देश पर भामाशाह मंडी क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया गया। इस दौरान फुटपाथ और सड़क किनारे दुकानदारों की ओर से किए गए अवैध कब्जों को हटवाया गया, ताकि आमजन और मंडी में आने-जाने वाले लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
कार्रवाई के दौरान उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले कुछ दुकानदारों ने अतिक्रमण हटाने का विरोध शुरू कर दिया। आरोप है कि विरोध के दौरान कुछ दुकानदारों ने होमगार्ड के स्वयंसेवकों के साथ धक्का-मुक्की भी की। इसके चलते मौके पर कुछ देर के लिए हंगामे जैसी स्थिति बन गई।
हालांकि, प्रशासन की टीम ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी रखी। भामाशाह मंडी में चलाए गए इस अभियान के जरिए फुटपाथ और सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों को हटाने का प्रयास किया गया।
अब देखना होगा कि प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद मंडी क्षेत्र में दोबारा अतिक्रमण नहीं हो, इसके लिए किस तरह की निगरानी और व्यवस्था की जाती है।
Sangod, Kota | Nov 21, 2026