बोलेरो में अवैध हथियार और 10.48 लाख नकद के साथ 4 बदमाश गिरफ्तार, देसी कट्टा व एयरगन जब्त
कोटा। जिला पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम के निर्देशन में विज्ञान नगर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अवैध हथियार, जिंदा कारतूस, एयरगन, 10 लाख 48 हजार रुपये नकद और एक बोलेरो कार जब्त की है।
घटना 19 नवंबर की रात करीब 12.40 बजे की है। गश्त व चेकिंग के दौरान पुलिस को वायरलेस कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि एक सफेद रंग की बोलेरो कार में तीन-चार बदमाश बैठे हैं, जो थाना जवाहर नगर में लड़ाई-झगड़ा करके फरार हुए हैं और श्रीराम सर्किल की तरफ जा रहे हैं। उनके पास अवैध हथियार होने की भी आशंका जताई गई।
सूचना पर विज्ञान नगर थाना पुलिस टीम ने श्रीराम सर्किल के पास टूटे शीशों वाली सफेद बोलेरो कार को रोका। पुलिस वाहन देखकर आरोपियों ने तेज भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने कार रजिस्ट्रेशन नंबर RJ20 UB 5954 को रोक लिया। शक होने पर कार की तलाशी ली गई।
तलाशी में कार के डैशबोर्ड में सफेद पॉलीथीन में छिपाकर रखा एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस व एक एयरगन मिली। पिछली सीट पर रखे आसमानी-नीले रंग के थैले में नकदी मिली, जिसकी गिनती में कुल 10,48,000 रुपये पाए गए। पूछताछ में आरोपियों ने खुद को कैश कलेक्शन का काम करने वाला व सुरक्षा के लिए हथियार रखने वाला बताया, लेकिन कोई लाइसेंस पेश नहीं कर सके। नकदी के संबंध में भी संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
इस पर चारों आरोपियों के विरुद्ध धारा 3/25(1B)(a), 35 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत थाना विज्ञान नगर में प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपी जितेन्द्र सिंह (39) निवासी नयागांव, अनिल (38) निवासी बजरंग कॉलोनी किशोरपुरा, रोहित जगताप (38) निवासी सीहोर मध्यप्रदेश हाल टावर-3 आईपीआईए रोड नं. 1, और महेन्द्र सिंह (47) निवासी खेड़ली फाटक हैं।
Sangod, Kota | Nov 20, 2026