कोटा में विभिन्न विभागों की सयुंक्त टीम ने बसों की सघन जांच की, नियमानुसार चालान बनाए गए
विशेष रूप से बसों की फिटनेस, परमिट, अग्निशमन यंत्र, आपातकालीन निकास द्वार आदि की जांच
कोटा। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (रालसा), जयपुर के निर्देशानुसार श्री हेमराज गौड़, जिला एवं सेशन न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कोटा के मार्गदर्शन में तथा श्रीमती गीता चौधरी, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कोटा की अध्यक्षता में जिले में सड़क सुरक्षा अभियान 2.0 के तहत निरंतर गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में आज दिनांक 19 नवंबर 2026 को सचिव श्रीमती गीता चौधरी द्वारा घोड़े वाला बाबा चौराहे पर सार्वजनिक परिवहन के वाहनों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान परिवहन विभाग (RTO), यातायात पुलिस एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कोटा की संयुक्त टीम द्वारा निजी यात्री बसों एवं सिटी बसों की सघन जांच की गई। इस दौरान बसों में यात्रियों की सुरक्षा से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं एवं निर्धारित नियमों की पालना का जायजा लिया गया। विशेष रूप से बसों की फिटनेस, परमिट, अग्निशमन यंत्र, आपातकालीन निकास द्वार (इमरजेंसी गेट), सुरक्षा उपकरणों तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान जिन बसों में निर्धारित सुरक्षा मानकों एवं नियमों से संबंधित कमियां पाई गईं, उनके विरुद्ध नियमानुसार चालान बनाए गए तथा आवश्यक कार्रवाई की गई। संयुक्त टीम द्वारा बस संचालकों एवं चालकों को निर्देशित किया गया कि वे अपने वाहनों में सभी आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें तथा परिवहन नियमों की पूर्ण पालना करें। साथ ही उन्हें बताया गया कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही गंभीर परिणाम उत्पन्न कर सकती है।
इस अवसर पर सचिव श्रीमती गीता चौधरी ने सार्वजनिक परिवहन के साधनों में सुरक्षा मानकों की पालना को अत्यंत आवश्यक बताते हुए कहा कि बसों में यात्रा करने वाले यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना संबंधित वाहन संचालकों एवं परिवहन व्यवस्था से जुड़े सभी जिम्मेदार व्यक्तियों का दायित्व है। बसों में अग्निशमन यंत्र, आपातकालीन निकास द्वार एवं अन्य सुरक्षा उपकरणों का सुचारू रूप से उपलब्ध होना आवश्यक है। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से नियमित निरीक्षण एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार सड़क सुरक्षा अभियान 2.0 दिनांक 16 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक संचालित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत सार्वजनिक परिवहन के वाहनों में निर्धारित सुरक्षा मानकों की पालना सुनिश्चित करने, वाहन चालकों एवं संचालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने तथा यातायात नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, यात्रियों के सुरक्षित आवागमन को सुनिश्चित करना तथा आमजन में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता विकसित करना है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कोटा द्वारा संबंधित विभागों के समन्वय से अभियान के अंतर्गत निरीक्षण एवं जागरूकता संबंधी गतिविधियां निरंतर जारी रखी जाएंगी।
Sangod, Kota | Nov 20, 2026