कोटा के गुमानपुरा में दुकानों पर खाद्य सामग्री की जांच, 100 किलो संदिग्ध मिलावटी पनीर नष्ट करवाया
अन्य कई दुकानों से लिये खाद्य सामग्री के सेम्पल, साफ-सफाई एवं गुणवत्ता सुधारने के लिए किया पाबंद
कोटा शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान के तहत शहर में मिलावट खोरी रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम सक्रिय है। प्रमुख शासन सचिव चिकत्सा स्वास्थ्य गायत्री राठौड़ और आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण अविचल चतुर्वेदी के निर्देशन में अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह व जिला कलेक्टर पीयूष समारिया व सीएमएचओ डॉ नरेंद्र नागर के पर्यवेक्षण में खाद्य पदार्थो की सैम्पलिंग व संदिग्ध सामग्री को नष्ट करने की कार्रवाई की जा रही है। गुरूवार को भी खाद्य सुरक्षा दल ने गुमानपुरा में बड़ी कार्रवाई कर लगभग 100 किलो संदिग्ध मिलावटी पनीर नष्ट करवाया। ये पनीर एक व्यक्ति अपनी मोटरसाईकिल पर एक नीले ड्रम में रखकर बेचने के लिए ले जा रहा था। मुखबिर से मिली सूचना के पर खाद्य सुरक्षा टीम ने गुमानपुरा में औचक निरीक्षण के दौरान मोटरसाइकिल को रूकवाया और नमूना लेकर संदिग्ध पनीर को नष्ट करवा दिया। पनीर के मालिक ने पनीर में फेट कम होने की बात स्वीकारी। टीम को देखने पर पनीर संदिग्ध लग रहा था। इसके अलावा टीम ने गुमानपुरा क्षेत्र में ही नारायण स्वीट्स से बीकाजी ब्रांड के चार नमूने, राजभोग मिठाई, कुछ-कुछ नमकीन, सोनपापड़ी, गुलाब जामुन का एक-एक नमूना लिया। सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला कोटा भिजवाया जा रहा है। वहां से रिपोर्ट मिलने के बाद संबधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। सीएमएचओ डॉ नागर ने बताया कि खाद्य सुरक्षा टीम ने क्षेत्र में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान कुछ प्रतिष्ठानों पर हाइजीन एवं सेनिटेशन की कंडीशन बहुत खराब पाई गई। वहां फूड लाइसेंस भी प्रमुख स्थान प्रदर्शित नही किया हुआ था। फूड हैंडलर्स हेयर कैप नहीं पहने हुए थे। मौके पर मेडिकल और पेस्ट कंट्रोल सर्टिफिकेट नहीं दिखाए गए। टीम ने सभी प्रतिष्ठानों मालिकों को शादी विवाह के पर्व को देखते हुए हैं साफ-सफाई एवं गुणवत्ता सुधारने के लिए भी पाबंद किया है। गुणवत्ता में सुधार नहीं होने की दशा में एफएसएर्सएआ के तहत कार्रवाई की चेतावनी दी गई। टीम द्वारा त्यौहारी सीजन पर खपत बढ़ने के कारण बाहर से आने वाले मावा, पनीर पर सतत निगरानी रखी जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप अग्रवाल, अरुण सक्सेना, और मोजीलाल कुंभकार सहित दीपक यादव, ख़ुशी सिंह, दिव्या संत और रोहित गुप्ता शामिल थे। सीएमएचओ ने बताया कि जिले में खाद्य पदार्थों की जांच, सैंपलिंग और मिलावट के खिलाफ प्रभावी ढंग से कार्यवाही निरंतर जारी है। त्योहारी सीजन में दूध, मावा, मिठाई, तेल, मसाले और अन्य खाद्य सामग्री की जांच पर भी विशेष फोकस किया जा रहा है। इसके साथ ही अन्य राज्यों से आने वाली बसो एवं ट्रेन में आने वाले खाद्य सामग्रियों पर भी विशेष चौकसी रखी जा रही है। ताकि उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।
Sangod, Kota | Nov 20, 2026