बछवाड़ा प्रखंड अंतर्गत दादुपुर पंचायत स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय रानी टोल दियारा में दो नए भवनों का उद्घाटन शुक्रवार को किया गया है। इस भवन को आधारभूत संरचना योजना के तहत 12 लाख 30 हजार 354 रुपए की लागत से बनाया गया है और अब भवनों में पढ़ाई शुरू कराई जाएगी।
उद्घाटन के दौरान संकुल समन्वयक, प्रधानाध्यापक, शिक्षक-शिक्षिका, शिक्षा समिति के सदस्य और विद्यालय के पोषक क्षेत्र के अभिभावक और छात्र-छात्रा मौजूद थे। जहां कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी राजेश राय और मंच संचालन मनोज कुमार राहुल ने किया।
उत्क्रमित मध्य विद्यालय दादुपुर के प्रधानाध्यापक सह संकुल समन्वयक संजय कुमार, विद्यालय के प्रधानाध्यापक देव कुमार पासवान, शिक्षक राजीव कुमार रंजन, पूर्व सैनिक मुनेश्वर राम और डी.के ब्रदर फाउंडेशन के मैनेजर गोरेलाल सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर भवनों का उद्घाटन किया। इसके बाद आयोजन समिति ने आगंतुक अतिथियों को चादर, कलम और डायरी देकर सम्मानित किया और बच्चों के बीच कलम एवं पेंसिल बांटी गई।
संकुल समन्वयक संजय कुमार ने बताया कि जगह की कमी के कारण बच्चे बाहर बैठते थे। लेकिन, अब नए भवन बनने से वे कक्षाओं में पढ़ सकेंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग छात्र-छात्राओं के बेहतर भविष्य और समुचित व्यवस्था के लिए लगातार काम कर रहा है।
समाजसेवी राजेश राय ने कहा कि विद्यालय में कुल 318 छात्र-छात्राएं नामांकित हैं और आठ शिक्षक-शिक्षिका कार्यरत हैं। लेकिन, भवनों की कमी के कारण छात्रों को बरामदे में पढ़ाया जा रहा था। इसलिए नए भवनों का उद्घाटन कर बच्चों की पढ़ाई के लिए वर्ग संचालन शुरू की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने शिक्षा विभाग से पहले से बने भवन की मरम्मत कराने और दो नए भवन बनवाने की मांग की है। मौके पर शिक्षका स्वेता कुमारी, शालिनी कुमार, शिक्षक उमाशंकर राय, सचिन कुमार सोनी, ग्रामीण सुरेश राय, बालकृष्ण राय सहित अन्य अभिभावक और छात्र-छात्र मौजूद रहे।