*पंचायतीराज आम चुनाव-2026: मतदान दलों की रवानगी एवं अन्य व्यवस्थाओं का जिला निर्वाचन अधिकारी ने एम.ए.जे. कॉलेज मैदान और किशन लाल जोशी विद्यालय में किया निरीक्षण*
*2 नवंबर को होगी मतदान दलों एवं रिटर्निंग अधिकारियों की रवानगी, के.एल. जोशी विद्यालय स्थित स्ट्रॉन्ग रूम में ईवीएम कमीशनिंग का कार्य शुरू*
नगर:डीग, 28 अक्टूबर। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत जिले में तृतीय चरण में होने वाले चुनावों की तैयारियों के क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर मयंक मनीष ने बुधवार को मास्टर आदित्येन्द्र जी महाविद्यालय डीग मैदान, किशनलाल जोशी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय (के.एल. जोशी) मैदान तथा के.एल. जोशी विद्यालय के कक्षों का निरीक्षण किया। उन्होंने 2 नवंबर को होने वाली मतदान दलों एवं रिटर्निंग अधिकारियों की रवानगी व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी मयंक मनीष ने बताया कि के.एल. जोशी विद्यालय में बनाए गए स्ट्रॉन्ग रूम में पंचायत समिति एवं जिला परिषद चुनावों में उपयोग की जाने वाली ईवीएम मशीनों को कमीशनिंग के बाद सुरक्षित रखा जाएगा। ईवीएम कमीशनिंग की कार्यवाही शुरू हो गई है तथा आगामी एक से दो दिनों में सभी ईवीएम मशीनों की कमीशनिंग पूरी कर उन्हें स्ट्रॉन्ग रूम में सुरक्षित रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि 2 नवंबर को मतदान दलों की रवानगी सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए वाहनों के प्रवेश एवं निकास, मतदान दलों के बैठने तथा उन्हें मतदान सामग्री उपलब्ध कराने सहित सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए रवानगी स्थल पर आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी देवेंद्र परमार, उपखंड अधिकारी बृजनगर दुर्गाप्रसाद मीना, नगर परिषद आयुक्त कुलदीप सिंह, जिला परिवहन अधिकारी राधेश्याम शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।