*पंचायतीराज आम चुनाव-2026: मतदान केंद्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करें—जिला निर्वाचन अधिकारी*
*दिव्यांग मतदाताओं के लिए व्हीलचेयर एवं वन-टू-वन सहयोग, निर्बाध बिजली आपूर्ति और सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश*
नगर/डीग, 28 अक्टूबर। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के सफल संचालन के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर मयंक मनीष ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में निर्वाचन प्रकोष्ठों के प्रभारी एवं सहायक प्रभारियों तथा डीग, कामां, पहाड़ी और बृजनगर के उपखंड अधिकारियों की बैठक लेकर निर्वाचन संबंधी तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं, बिजली-पानी, सुरक्षा, चिकित्सा तथा मतदान दलों की व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा पर विशेष जोर देते हुए निर्देश दिए कि मतदान केंद्रों पर व्हीलचेयर की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। दिव्यांग मतदाताओं को मतदान केंद्र तक पहुंचने तथा मतदान करने में सहायता देने के लिए वन-टू-वन सहयोग की व्यवस्था की जाए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सुविधा के अभाव में अपने मताधिकार से वंचित न रहे। उन्होंने मतदान केंद्रों के आसपास 100 मीटर के दायरे में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था करने तथा बड़े विद्यालयों में आवश्यकता के अनुसार हैलोजन लाइट सहित अतिरिक्त प्रकाश की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मतदान केंद्रों पर खुले एवं ढीले बिजली तारों को ठीक कराने तथा मतदान दिवस पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने अधीक्षण अभियंता, जेवीवीएनएल डीग को निर्देश दिए कि कामां, पहाड़ी और बृजनगर क्षेत्रों में पर्याप्त बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा संबंधित लाइनमैन मतदान दिवस पर अपना मुख्यालय नहीं छोड़ें।
उन्होंने मॉक पोल, मतदान दलों की आवश्यक व्यवस्थाओं तथा ईवीएम संग्रहण केंद्र तक परिवहन के लिए वाहनों और पर्याप्त पुलिस जाब्ते की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदान केंद्रों पर शौचालयों की साफ-सफाई, आवश्यकता होने पर मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था, बाउंड्री वॉल, बैरिकेडिंग तथा प्रवेश एवं निकास मार्गों को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। मतदान केंद्रों के आसपास से उपले, सूखे पत्ते, पत्थर, गिट्टी एवं अन्य अवांछित सामग्री हटाने तथा मतदाताओं की सुविधा के लिए छाया की व्यवस्था करने को कहा। साथ ही मेडिकल किट उपलब्ध रखने और आदर्श मतदान केंद्रों को निर्धारित सुविधाओं के साथ तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि मतदान दलों की रवानगी मास्टर आदित्येन्द्र जी राजकीय महाविद्यालय, डीग से होगी। उन्होंने निर्देश दिए कि आवश्यकता के अनुसार वहां चिकित्सकों की टीम उपलब्ध रहे तथा पर्याप्त दवाइयों एवं एम्बुलेंस की व्यवस्था की जाए। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए बृजनगर, कामां और पहाड़ी में अतिरिक्त अग्निशमन वाहन को भी तैयार अवस्था में रखा जाए। बैठक में मतगणना अभिकर्ताओं के पहचान पत्र जारी करने की प्रक्रिया के संबंध में भी जानकारी दी गई। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं का समय रहते सत्यापन करने तथा मतदान दिवस पर किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए आवश्यक तैयारियां पूर्ण रखने के निर्देश दिए।
Nagar, Bharatpur | Oct 28, 2026