➡️ रोजगार, स्वरोजगार एवं पीएम नेशनल अप्रेंटिसशिप मेले में 61 युवाओं को मिले लेटर ऑफ इंटेंट
जिला रोजगार कार्यालय, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र बैतूल तथा शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था आईटीआई बैतूल के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को वीरांगना रानी दुर्गावती शासकीय कन्या महाविद्यालय सदर बैतूल में रोजगार, स्वरोजगार एवं प्रधानमंत्री नेशनल अप्रेंटिसशिप मेले का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आशीष गुप्ता, जिला रोजगार अधिकारी डॉ. श्याम कुमार धुर्वे, शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था बैतूल के प्राचार्य श्री शुभम वानखेड़े, महाविद्यालय की वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. साधना डेहरिया तथा स्वामी विवेकानन्द करियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ की प्रभारी श्रीमती माधुरी पल्ले ने माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला रोजगार अधिकारी डॉ. श्याम कुमार धुर्वे ने मध्यप्रदेश शासन की युवा संगम योजना का विस्तृत परिचय दिया। उन्होंने बताया कि इस योजना का उद्देश्य युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार, कौशल विकास, अप्रेंटिसशिप तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं से जोड़कर आत्मनिर्भर एवं रोजगारोन्मुख बनाना है। उन्होंने विद्यार्थियों से शासन की विभिन्न योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने तथा अपने कौशल का विकास कर बेहतर रोजगार एवं कैरियर के अवसर प्राप्त करने का आह्वान किया।
शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था के प्राचार्य श्री शुभम वानखेड़े ने छात्र-छात्राओं एवं अभ्यर्थियों को रोजगार के विभिन्न अवसरों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने वर्तमान समय में कौशल-आधारित रोजगार, अप्रेंटिसशिप एवं तकनीकी प्रशिक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को अपनी रुचि एवं योग्यता के अनुरूप कौशल विकसित करने के लिए प्रेरित किया। श्री टी.सी. मेसराम ने तकनीकी शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी दौर में तकनीकी एवं कौशल-आधारित शिक्षा रोजगार प्राप्त करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी शैक्षणिक योग्यता एवं तकनीकी दक्षता में निरंतर वृद्धि करने, व्यावसायिक प्रशिक्षण कार्यक्रमों से जुड़ने तथा बेहतर कैरियर अवसरों का लाभ उठाने का आग्रह किया।
जिला रोजगार कार्यालय के काउंसलर श्री अमुनुद्दीन खान ने अभ्यर्थियों को रोजगार पंजीयन की प्रक्रिया एवं आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दी। उन्होंने रोजगार पंजीयन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अधिक से अधिक युवाओं से पंजीयन कराने की अपील की। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आशीष गुप्ता ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को रोजगार एवं स्वरोजगार के उपलब्ध अवसरों का अधिकाधिक लाभ उठाने तथा ज्ञान, कौशल एवं व्यक्तित्व का निरंतर विकास करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी परिवेश में सफलता के लिए तकनीकी दक्षता, सकारात्मक दृष्टिकोण एवं निरंतर सीखने की भावना अत्यंत आवश्यक है। साथ ही उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, अधिकारियों, उद्योग प्रतिनिधियों एवं प्रतिभागियों का महाविद्यालय परिवार की ओर से आभार व्यक्त किया।
➡️ 81 अभ्यर्थियों का किया स्वास्थ्य परीक्षण
रोजगार मेले में 10 प्रतिष्ठित कंपनियों ने विभिन्न पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया संचालित की। मेले में 193 अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जिनमें से चयन प्रक्रिया के उपरांत 61 अभ्यर्थियों को लेटर ऑफ इंटेंट प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त 7 अभ्यर्थियों का अप्रेंटिसशिप तथा 2 अभ्यर्थियों का स्वरोजगार के लिए चयन किया गया। वहीं 81 अभ्यर्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया। आयोजन युवाओं को रोजगार, अप्रेंटिसशिप एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तथा उद्योगों और अभ्यर्थियों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करने की दिशा में सफल एवं उपयोगी साबित हुआ।
कार्यक्रम का सफल संचालन श्रीमती माधुरी पल्ले ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय की वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. साधना डेहरिया, डॉ. सरिता साहू, श्री विनोद कुमार अड़लक, डॉ. डाली पथोरिया, श्रीमती ज्योति बारस्कर, डॉ. प्रीति भादे, डॉ. सीमा बेलवंशी, श्रीमती सरिता झारे, सुश्री कविता विश्वास, सुश्री आरती दीक्षित, श्री पंकज पवार, श्रीमती सुनीति पंडया, श्रीमती मंजूलता यादव एवं श्री अविनाश अम्बुलकर सहित महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में अभ्यर्थी उपस्थित रहे।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Department of Skill Development, Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#बैतूल
#betul
8 views | Betul, Madhya Pradesh | Jul 24, 2026