दमोह में बाल अधिकार आयोग का औचक निरीक्षण, गुड टच-बैड टच की जानकारी नहीं दे पाईं बच्चियां, स्कूलों, मदरसे और आंगनवाड़ी का किया निरीक्षण
बच्चों को वंदे मातरम् गान सहित कैमरों की निगरानी से दूर शिकायत पेटी लगाने दी हिदायत
दमोह। मध्य प्रदेश बाल अधिकार संरक्षण आयोग की सदस्य अर्चना गुप्ता ने गुरुवार को दमोह के स्कूलों, मदरसे, प्राथमिक शाला और आंगनबाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। सेंट जॉन्स स्कूल में बच्चों से गुड टच-बैड टच को लेकर सवाल किए गए, लेकिन पर्याप्त जानकारी नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने स्कूलों में बच्चों को बाल सुरक्षा और पॉक्सो कानून की जानकारी नियमित रूप से देने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान प्रत्येक विद्यालय में पॉक्सो समिति गठित करने और शिकायत पेटी सीसीटीवी कैमरे की सीधी निगरानी से दूर लगाने के निर्देश दिए गए, ताकि बच्चे बिना दबाव के गोपनीय शिकायत कर सकें। बच्चों के लाइसेंस के बिना वाहन चलाने का मामला भी सामने आया, जिस पर स्कूल प्रबंधन को आवश्यक सावधानी बरतने को कहा गया।
अर्चना गुप्ता ने सेंट जॉन्स, जेपीबी स्कूल, नूरी नगर की प्राथमिक शाला और आंगनबाड़ी का निरीक्षण कर शिक्षा, सुविधाओं और साफ-सफाई की स्थिति देखी। गंदगी मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए।
कस्तूरबा वार्ड स्थित दारुल उलूम आला हजरत रजा-ए-मुस्तफा मदरसा बंद मिला और कर्मचारी भी अनुपस्थित पाए गए। इस पर आयोग सदस्य ने कार्रवाई के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान बाल कल्याण समिति अध्यक्ष दीपक तिवारी सहित सदस्य मौजूद रहे।
दीपक तिवारी
Damoh, Damoh | Aug 21, 2026