Bihar news : नवलपुर थाना परिसर में युवकों की पिटाई का वीडियो वायरल, पुलिस ने नौ लोगों को किया गिरफ्तार। बेतिया। नवलपुर थाना परिसर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में थानेदार द्वारा हाफ पैंट और हाफ टी-शर्ट में कुछ युवकों को डंडे से पीटते हुए दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि, यस बिहार वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है।मामला मंगलवार रात का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, नाबालिग युवती के अपहरण के मामले में नवलपुर थाना पुलिस ने चनपटिया थाना क्षेत्र के कैथवलिया गांव से किरण देवी को गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार, किरण देवी इस मामले में अप्राथमिकी अभियुक्त है।गिरफ्तारी की जानकारी मिलने के बाद कुछ लोग महिला को छुड़ाने के लिए नवलपुर थाना पहुंचे। पुलिस का कहना है कि शुरुआत में दो लोगों ने थाने पहुंचकर गिरफ्तार महिला के संबंध में उग्र होकर पूछताछ शुरू कर दी। समझाने के बावजूद मामला शांत नहीं हुआ। इसके बाद करीब 15 से 20 लोगों का समूह थाने पहुंच गया।पुलिस के मुताबिक, भीड़ में शामिल लोगों ने ओडी कक्ष में जबरन प्रवेश करने का प्रयास किया और पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की व गाली-गलौज की। हंगामा बढ़ने पर अतिरिक्त पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस का दावा है कि भीड़ के उग्र होने और स्थिति नियंत्रण से बाहर होने की आशंका के बाद आत्मरक्षार्थ साधारण बल का प्रयोग किया गया। इस दौरान मौके से नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया।इधर, थाना परिसर से सामने आए कथित वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। वहीं, पुलिस की कार्रवाई और वायरल वीडियो को लेकर आधिकारिक स्तर पर विस्तृत स्पष्टीकरण का इंतजार है। बताया जाता है कि नवलपुर थाना क्षेत्र के एक गांव से पांच जनवरी को शादी की नीयत से नाबालिग युवती के अपहरण का मामला दर्ज हुआ था। इसी मामले में मंगलवार को किरण देवी की गिरफ्तारी की गई थी।#Nawalpur #Bettiah #WestChamparan #BiharNews #BiharPolice #NawalpurPolice #ViralVideo #PoliceAction #ViralNews #BreakingNews #BiharNewsUpdate #WestChamparanNews #CrimeNews #PoliceNews #YesBihar #LatestNews #NewsUpdate #BiharViralVideo