Bihar news : बगहा में गंडक का तांडव, स्कूल नदी में समाया अब पैक्स गोदाम भी नदी में हुआ विलीन। बगहा अनुमंडल के मधुबनी प्रखंड अंतर्गत चिउरही पंचायत के रेवहिया गांव में गंडक नदी का कटाव लगातार भयावह होता जा रहा है। पहले स्कूल का बड़ा हिस्सा नदी में विलीन हुआ और अब पैक्स का गोदाम भी गंडक नदी की धारा में समा गया है। लगातार हो रहे कटाव से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। कटाव की चपेट में आकर कई ग्रामीणों के घर पहले ही नदी में विलीन हो चुके हैं। घर और आशियाना उजड़ने के बाद कटाव पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे प्लास्टिक तानकर रहने को मजबूर हैं। छोटे-छोटे बच्चों के साथ रह रहे प्रभावित परिवार प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराए गए गुड़ और चूड़ा के सहारे किसी तरह अपनी भूख मिटा रहे हैं।कटाव पीड़ितों का कहना है कि लगातार उनके घर और घर का सामान नदी में समाता जा रहा है, लेकिन अब तक उन्हें सुरक्षित स्थान पर विस्थापित नहीं किया गया है। ग्रामीण प्रशासन की ओर टकटकी लगाए हुए हैं और मांग कर रहे हैं कि उन्हें जल्द से जल्द सुरक्षित स्थान पर बसाया जाए।वहीं, राहत और पुनर्वास की व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति आक्रोश भी देखने को मिल रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल कटाव पीड़ित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के साथ-साथ रहने और भोजन की समुचित व्यवस्था करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर गंडक नदी का कटाव इसी तरह जारी रहा, तो आने वाले दिनों में गांव के कई और घर इसकी चपेट में आ सकते हैं।इस संबंध में मधुबनी अंचलाधिकारी नंदलाल राम ने बताया कि कटाव पीड़ितों को दूसरे स्थान पर विस्थापित करने के लिए भूमि चिन्हित की जा रही है। भूमि चिह्नित होने के बाद प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर विस्थापित करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। #Bagaha #GandakRiver #BiharNews #WestChamparan #Madhubani #RiverErosion #FloodNews #BiharFlood #BreakingNews #LocalNews #Revahia #Gandak #FloodAffected #BiharUpdates #NewsUpdate #GroundReport