मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम की कक्षाओं का हुआ शुभारम्भ
=======================================================
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा मध्यप्रदेश के समस्त विकासखंडों में मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम/कार्यक्रम अंतर्गत जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन के मार्गदर्शन में जिले के विकासखंड अमरवाड़ा में महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय, सतना से संबद्ध पाठ्यक्रमों का शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय में विधिवत बीएसडब्ल्यू और एमएसडब्ल्यू की कक्षाओं के संचालन का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सर्वप्रथम माँ सरस्वती जी की पूजन एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। आयोजन में युवा नेतृत्व से श्री उत्तम ठाकुर मुख्य अतिथि रहे, जबकि शासकीय महाविद्यालय अमरवाड़ा जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष श्री प्रदीप पप्पू साहू ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
इस अवसर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री अनुराग मिश्रा, शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य श्री सतीश उइके, श्री दिनेश साहू, विकासखंड समन्वयक सुश्री वन्दना राकेसिया, परामर्शदाता श्री राजेश तिवारी, श्रीमती वैजन्ती पवार, श्री राजकुमार मालवी, श्री भुनेश्वर सूर्यवंशी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्रायें उपस्थित थे।
कार्यक्रम में श्री उत्तम ठाकुर एवं श्री प्रदीप साहू ने विद्यार्थियों को समाज कार्य में उत्कृष्ट कार्य करने तथा पाठ्यक्रम का पूर्ण लाभ लेने के लिये ऊर्जावान मार्गदर्शन दिया। इस दौरान विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम सामग्री का वितरण किया गया। मेंटर्स द्वारा विद्यार्थियों के प्रोफाइल, असाइनमेंट, प्रोजेक्ट एवं संपूर्ण पाठ्यक्रम से संबंधित जानकारी दी गई। आयोजन के दौरान नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई। साथ ही ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान अंतर्गत पौधारोपण किया गया। कार्यक्रम का संचालन मेंटर्स श्री राजेश तिवारी ने किया तथा आभार सुश्री वन्दना राकेसिया द्वारा व्यक्त किया गया।