जिला स्तरीय समीक्षा बैठक एवं व्याख्यानमाला सम्पन्न
“स्वैच्छिकता, सामूहिकता और स्वावलंबन पर जन अभियान परिषद कार्य करेगी”- कार्यपालक निदेशक डॉ. बकुल लाड़
===========================================================
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, जिला छिंदवाड़ा द्वारा जिला पंचायत सभाकक्ष में नवांकुर संस्थाओं, परामर्शदाताओं एवं मेंटर्स की आज जिला स्तरीय समीक्षा बैठक व व्याख्यानमाला का आयोजन किया गया। बैठक में जन अभियान परिषद के कार्यपालक निदेशक डॉ. बकुल लाड़ प्रमुख रूप से उपस्थित थे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन-अर्चन के साथ किया गया। कार्यपालक निदेशक डॉ. बकुल लाड़ का स्वागत जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन द्वारा पौधा भेंट कर किया गया। विकासखंड समन्वयकों, मेंटर्स एवं नवांकुर संस्था प्रतिनिधियों द्वारा भी पुष्पगुच्छ से स्वागत किया गया।
इस अवसर पर कार्यपालक निदेशक डॉ. बकुल लाड़ द्वारा ‘एक पेड़ माँ के नाम’, ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’, ‘हर घर तिरंगा अभियान’, ‘नवांकुर सखी कार्यक्रम’ तथा मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के माध्यम से युवा शक्ति के संचय एवं नेतृत्व विकास की गतिविधियों की समीक्षा की गई।
कार्यपालक निदेशक डॉ. बकुल लाड़ ने परिषद की योजनाओं एवं उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि परिषद का मूल आधार स्वैच्छिकता, सामूहिकता और स्वावलंबन है। उन्होंने युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने तथा समाजसेवा की भावना को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। नवांकुर संस्थाओं एवं युवा शक्ति की भूमिका पर उन्होंने कहा कि नवांकुर संस्थाएं ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों की पालक संस्था के रूप में कार्य करती हैं। इनका प्रमुख उद्देश्य आर्थिक लाभ नहीं, बल्कि समाजहित में सेवा सहभागिता को बढ़ावा देना है। युवा शक्ति का संचय एवं परिषद के नेटवर्क का विस्तार आगामी कार्यों की महत्वपूर्ण दिशा रहेगी।
उत्कृष्ट एवं सक्रिय सेवा सहभागिता के लिए नवांकुर संस्थाओं के प्रमुखों तथा परामर्शदाताओं को कार्यपालक निदेशक द्वारा सम्मानित किया गया। सम्मान से उपस्थित प्रतिनिधियों में उत्साह का वातावरण बना तथा सभी ने आगे भी सकारात्मक ऊर्जा के साथ समाजसेवा करने का संकल्प लिया।
कार्यपालक निदेशक डॉ. बकुल लाड़ द्वारा मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला कार्यालय का निरीक्षण भी किया गया। इस दौरान कार्यालय की आवश्यकताओं, दस्तावेजों के संधारण, कार्य की प्रगति तथा प्रशासनिक विषयों पर चर्चा की गई। उन्होंने आवश्यक सुधारों को पूरा करने का आश्वासन दिया तथा जिले के अमले से सुझाव भी आमंत्रित किए। जिला कार्यालय के आगंतुक पंजी में कार्यपालक निदेशक द्वारा जिले के कार्यों की सराहना दर्ज की गई।
समीक्षा बैठक एवं व्याख्यानमाला के माध्यम से जिले में जन अभियान परिषद की योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाने, युवाओं को सामाजिक नेतृत्व से जोड़ने तथा नवांकुर संस्थाओं एवं प्रस्फुटन समितियों की सक्रियता बढ़ाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम ने उपस्थित कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा, उत्साह और सेवा-संकल्प का संचार किया।
इस अवसर पर सभी नवांकुर प्रतिनिधियों एवं परामर्शदाताओं द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारी कार्यों की प्रस्तुति दी गई। इन कार्यों की जन अभियान परिषद के कार्यपालक निदेशक डॉ. बकुल लाड़ ने खुले कंठ से प्रशंसा करते हुए कहा कि आप सभी प्रशंसा के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि सभी के सुझाव उन्होंने नोट कर लिए हैं। जल्द ही पूरे प्रदेश के जिलों से आए महत्वपूर्ण सुझाव परिषद को और बेहतर कार्य करने के लिये योजना बनाने में सहायक होंगे।
उन्होंने कहा कि सभी के नवाचारी कार्य जिले अनुसार एक पुस्तक में प्रकाशित किए जाएंगे। साथ ही सभी को और प्रोत्साहन मिले, इसके लिये राज्य स्तर पर एक सम्मेलन के माध्यम से एक-दूसरे के विचारों का आदान-प्रदान हो तथा सभी को सम्मानित किया जा सके, यह भी भविष्य की कार्य योजना है।
कार्यक्रम में जिला समन्वयक श्री जैन, समस्त विकासखंड समन्वयक श्री संजय बामने, श्री अनिल बोबडे, श्री संजीव भावरकर, श्रीमती ललिता कुशरे, सुश्री अफसा खान, सुश्री वंदना राकेशिया, श्री दिलीप आठनेरे, श्री दीपक गेडाम, श्री भवानी कुमरे, श्री आशीष नेमा, श्री हरीश वेलबंशी, सुश्री अंशु जायसवाल, कार्यालय स्टाफ, चयनित नवांकुर संस्थाओं के प्रमुख, परामर्शदाता एवं समाजसेवी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन समाजसेवी श्री विनोद तिवारी ने किया एवं आभार प्रदर्शन जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री जैन ने किया। इस अवसर पर देशभक्ति से ओत-प्रोत गीत का गायन श्रीमती लता नागले ने किया।