*पंचायती राज आम चुनाव की तैयारियों को लेकर जिला कलक्टर की अध्यक्षता में बैठक आयोजित*
*शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने, संवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा के निर्देश*
*पंचायती राज चुनावों को पूर्ण निष्पक्षता, स्वतंत्रता एवं शांतिपूर्ण तरीके से सफलतापूर्वक संपन्न करवाना हम सब का नैतिक दायित्व - जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक*
*जयपुर :कमलेश आमेटा15 अक्टूबर।* पंचायती राज आम चुनाव के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन के संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में गुरूवार को बैठक आयोजित हुई।
इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि पंचायतीराज चुनावों को पूर्ण निष्पक्षता, स्वतंत्रता एवं शांतिपूर्ण तरीके से सफलतापूर्वक संपन्न करवाना हम सब का नैतिक दायित्व है। उन्होंने सभी संबंधित पुलिस अधिकारी से कहा है कि वे संबंधित सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं अन्य चुनाव से संबंधित अधिकारियों के साथ उनके क्षेत्र के मतदान क्षेत्र व संबंधित मतदान केन्द्र का निरीक्षण करे तथा जिस ग्राम पंचायत क्षेत्र में फ्लैग मार्च व अन्य अतिरिक्त जाप्ते की आवश्यकता हो उसका विश्लेषण कर आवश्यक व्यवस्था किया जाना सुनिश्चित करावें।
ऽ पुलिस आयुक्तालय, जयपुर एवं जिला पुलिस अधीक्षक, जयपुर (ग्रामीण) के स्तर से समग्र डिप्लॉयमेन्ट के समन्वय हेतु नोडल अधिकारी की नियुक्ति (जो कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के स्तर का हो) की नियुक्ति की जावे तथा पुलिस डिप्लॉयमेन्ट प्लान के महत्वपूर्ण बिन्दु जैसे ई.वी.एम. सीलिंग के दौरान वेयर हाउस झोटवाड़ा, जयपुर से ई.वी.एम. सीलिंग स्थल भवानी निकेतन, जयपुर तक ईवीएम ले जाने वाले वाहनों के साथ नियुक्त पुलिस जाप्ता, मतदान दल रवानगी स्थल, मतदान दल के साथ, क्रिटीकल/ संवेदनशील मतदान केन्द्रों, ई.वी.एम. स्ट्रॉग रूम, मतदान समाप्ति पश्चात संबंधित आरओ स्तर पर संकलित ई.वी.एम. को स्ट्रॉग रूम तक ले जाने वाले वाहन, ई.वी.एम सग्रहण स्थल आदि हेतु नियुक्त पुलिस जाप्ता के संबंध में कार्यवाही सम्पादित की जावे।
यातायात व्यवस्था के संबंध में आवश्यक चर्चा करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि चुनाव के दौरान मतदान दल रवानगी स्थल भवानी निकेतन, जयपुर से मतदान दलों की रवानगी के मार्ग के निर्वाध एवं सुगम यातायात की व्यवस्था सुनिश्चित की जावे। मार्ग को किसी भी प्रकार से अवरुद्ध व बाधित नहीं हो। ईवीएम संग्रहण एवं मतदान दल की वापसी के दौरान भी उपरोक्त उल्लेखित व्यवस्थाएं आवश्यक रूप से सुनिश्चित की जावे।
बैठक में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत जारी आदेशों की पालना रिपोर्ट तथा चुनाव के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए किए जा रहे उपायों की समीक्षा की गई।
जिले में शस्त्र एवं आर्म्स लाइसेंस की कुल संख्या, 14 अक्टूबर 2026 तक पुलिस थानावार जमा कराए गए शस्त्रों तथा जमा होने से शेष रहे शस्त्रों की स्थिति की समीक्षा की गई। शस्त्र जमा कराने से छूट प्राप्त लाइसेंसधारकों की संख्या तथा शस्त्र जमा कराने से छूट चाहने के लिए प्राप्त आवेदनों का विवरण भी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त जिले में आपराधिक एवं असामाजिक गतिविधियों को नियंत्रित करने के लिए पाबंद किए गए व्यक्तियों की पुलिस थानावार संख्या तथा चुनाव के दौरान जब्त किए गए अवैध हथियारों एवं अवैध शराब की रिपोर्ट की समीक्षा की गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने चुनाव के दौरान सूखा दिवस संबंधी घोषणाओं की अनुपालना के लिए की गई तैयारियों की रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा कानून व्यवस्था के संबंध में पुलिस उप अधीक्षक एवं सहायक पुलिस आयुक्त स्तर पर विश्लेषण रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। बैठक में पंचायती राज संस्थाओं के चरणबद्ध कार्यक्रम, संवेदनशील एवं क्रिटिकल मतदान केंद्रों के चिह्नीकरण तथा आवश्यक कार्रवाई के लिए रिटर्निंग अधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों के बीच पूर्व समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश भी प्रदान किए।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक जयपुर ग्रामीण हनुमान प्रसाद मीणा , डीसीपी ईस्ट रंजीता शर्मा, डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण, उप जिला निर्वाचन अधिकारी मेघराज मीणा, एडीएम साउथ युगांतर शर्मा, जिला आबकारी अधिकारी ग्रामीण अर्चना जैमन,एडीशनल डीसीपी साउथ ललित किशोर शर्मा, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात दक्षिण सुनिता मीणा, सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
Bhilwara, Bhilwara | Oct 15, 2026