*प्रथम चरण में 794 मतदान केंद्रों के लिए 7,940 मतदाता सूचियों की हो रही जांच*
*नामों की पुनरावृत्ति रोकने एवं मतदाता सूचियों में त्रुटिरहित विवरण सुनिश्चित करने के जिला निर्वाचन अधिकारी ने दिए निर्देश*
*जयपुर :कमलेश आमेटा, 15 अक्टूबर।* जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में चिह्नित मतदाता सूचियों की कार्यकारी प्रतियों की जांच के संबंध में संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक मतदान केंद्र की मतदाता सूची की 10 प्रतियां तैयार करवाई जाएं तथा सभी सूचियों के प्रत्येक पृष्ठ पर संबंधित निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी के हस्ताक्षर एवं मुहर सुनिश्चित की जाए। मतदाता सूचियों में पुरुष, महिला एवं अन्य मतदाताओं की कुल संख्या का मिलान किया जाए। विलोपन सूची के नाम लाल स्याही से काटे जाएं तथा विलोपित नामों के क्रमांक यथावत रखे जाएं। इसके साथ ही अनुपस्थित, स्थानांतरित एवं मृत मतदाताओं की सूचियों की जांच करने, नामों की पुनरावृत्ति रोकने तथा कार्यकारी प्रतियों को सुव्यवस्थित रूप से बांधकर रखने के निर्देश दिए गए।
प्रभारी अधिकारी सांख्यिकी प्रकोष्ठ एवं संयुक्त निदेशक सांख्यिकी बाबूलाल मीणा ने बताया कि पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव के प्रथम चरण में 8 पंचायत समितियों के 22 जिला परिषद वार्ड, 146 पंचायत समिति वार्ड तथा 212 ग्राम पंचायतों में सरपंच एवं 2,234 वार्डों में पंच पदों के चुनाव होने हैं। इन चुनावों के लिए 794 मतदान केंद्रों का गठन किया गया है तथा इनके लिए 7,940 मतदाता सूचियों की जांच की जा रही है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के चुनाव के लिए मतदाता सूची की कुल चार कार्यकारी प्रतियां तैयार की जाएंगी। इनमें मतदान अधिकारी, सहायक मतदान अधिकारी प्रथम तथा सहायक मतदान अधिकारी द्वितीय के लिए निर्धारित प्रतियां शामिल हैं। इसी प्रकार पंच एवं सरपंच पदों के चुनाव के लिए कुल पांच कार्यकारी प्रतियां तैयार की जाएंगी, जिनमें रिटर्निंग अधिकारी, मतदान अधिकारी तथा सहायक मतदान अधिकारियों के लिए प्रतियां शामिल हैं। इसके अतिरिक्त एक आरक्षित प्रति भी रखी जाएगी। इस प्रकार कुल 10 प्रतियां निर्धारित की गई हैं।
अंत में जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्थानीय निकाय चुनाव-2026 के सफल आयोजन में सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया तथा पंचायती राज चुनावों को भी सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने में इसी प्रकार का सहयोग करने के लिए कहा है।