*सुरेश ज्ञान विहार विश्वविद्यालय में कैम्पस प्लेसमेंट शिविर एवं करियर सेमिनार आयोजित*
*366 आशार्थियों का नियोजन एवं 28 का प्रशिक्षण हेतु चयन, लगभग 500 युवाओं ने लिया भाग*
*जयपुर :कमलेश आमेटा,15 अक्टूबर।* राज्य सरकार के कौशल, नियोजन एवं उद्यमिता विभाग की वार्षिक कार्य-योजना वर्ष 2026-27 के क्रियान्वयन के तहत संभागीय रोजगार कार्यालय जयपुर द्वारा दिनांक 15 अक्टूबर 2026 को प्रातः 11.00 बजे से सुरेश ज्ञान विहार विश्वविद्यालय जयपुर में एक दिवसीय कैम्पस प्लेसमेंट शिविर एवं केरियर सेमिनार का आयोजन किया गया।
केरियर सेमिनार में मुख्य वक्ता के रूप में नवरेखा, संयुक्त निदेशक, संभागीय रोजगार कार्यालय ने अपने अनुभव साझा किए तथा उपस्थित विद्यार्थियों एवं आशार्थियों को अपने कौशल का विकास कर रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने के लिये प्रेरित किया। उन्होने युवाओं को विभागीय योजनाओं, रोजगार की संभावनाओं तथा कौशल प्रशिक्षण के महत्व के संबध में जानकारी प्रदान की।
इस दौरान अनाम कुमार, संस्थापक, वर्ल्ड ग्रोथ फोरम एंड मोटिवेशनल स्पीकर ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में वर्तमान समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते उपयोग, उनके व्यावहारिक महत्व तथा विभिन्न क्षेत्रों में उनकी उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की। साथ ही, उन्होने विदेशों में रोजगार के अवसरों, आवश्यक कौशल तथा वैश्विक स्तर पर करियर निर्माण की संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को नई तकनीकों को अपनाने एवं अपने कौशल को विकसित करने के लिये प्रेरित किया।
शिविर में उपस्थित निजी क्षेत्र के विभिन्न सेक्टर के 25 नियोजकों द्वारा आशार्थियों की योग्यता एवं कौशल के अनुरूप प्रारम्भिक चयन की प्रक्रिया संपादित की गई। साथ ही, युवाओं को निजी क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार के अवसरों एवं भविष्य में कैरियर निर्माण की संभावनाओं से अवगत कराया गया।
संभागीय रोजगार कार्यालय, जयपुर की संयुक्त निदेशक, नवरेखा ने बताया कि कैम्पस प्लेसमेंट एवं कैरियर मार्गदर्शन शिविर में लगभग 500 बेरोजगार आशार्थियों ने भाग लिया। शिविर में बैंकिंग, आईटी, बीपीओ, हॉस्पीटल, होटल, निर्माण एवं एन्टरटेनमेंट सहित कुल 25 निजी नियोजको ने भाग लेकर कुल 394 बेरोजगार आशार्थियों का प्राथमिक चयन कर लाभान्वित किया। जिसके अन्तर्गत 366 आशार्थियों का विभिन्न पदों पर नियोजन एवं 28 आशार्थियों का प्रशिक्षण हेतु चयन किया गया।
शिविर में सुरेश ज्ञान विहार विश्वविद्यालय, जयपुर के प्रो. डॉ. उपेन्द्र पण्डेल, अध्यक्ष, प्रो. डॉ. रितू गिलहोत्रा , उपाध्यक्ष, मेजर जनरल सतवीर सिंह, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी, जसबीर चावला, ट्रैनिंग एंव प्लेसमेंट हैड तथा राघवेन्द्र सिंह, जिला कौशल समन्वयक, आरएसएलडीसी, रोजगार विभाग से सुमन कुम्पावत, सहायक निदेशक, चन्द्रप्रकाश मीणा, क. रोजगार अधिकारी, राजेश कुमार, निर्मला शर्मा, रजनी गोयल एवं ज्योति कुमारी शर्मा ने भाग लिया।