*बाँदा में दबंगई: पुलिस के सामने सीने पर तमंचा रखकर चलाई गोली, मिस होने से बची जान, पीड़ित ने SP से लगाई गुहार*
बाँदा।* जनपद के बिसंडा थाना क्षेत्र के कस्बा-औरन में दबंगों की गुंडागर्दी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी में एक युवक की छाती में तमंचा लगाकर गोली चला दी गई। गनीमत रही कि गोली मिस हो गई, नहीं तो हत्या हो जाती। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है।
*क्या है पूरा मामला -*
पीड़ित कुलदीप शिवहरे पुत्र रमेश शिवहरे निवासी कस्बा-औरन ने SP को दिए शिकायती पत्र में बताया कि 20 अक्टूबर की रात लगभग 10 बजे उसका छोटा भाई औरन के मैगी पॉइंट पर चाय पी रहा था। तभी वहाँ गोलू द्विवेदी पुत्र हरिनारायण द्विवेदी ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की।
भाई ने रात 9:32 बजे कुलदीप को फोन किया। कुलदीप ने तुरंत उसके परिजनों और चौकी प्रभारी को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर आकर मामला शांत कराया।
आरोप है कि कुछ देर बाद आरोपी के परिजन घर से 6 जिंदा कारतूस और तमंचा लेकर आ गए और पुलिस को धक्का देते हुए कुलदीप की छाती पर तमंचा लगाकर फायर कर दिया।
कुलदीप का कहना है - *"पुलिस प्रशासन के सामने मेरे सीधा छाती में तमंचा चला दिए। गोली मिस हो गई, नहीं तो उस दिन मेरी हत्या कर देते।"*
*वीडियो में खुद कबूला - "गोली चलाई, मिस हो गया"*
पीड़ित का आरोप है कि घटना के बाद का एक वीडियो भी है जिसमें आरोपी पुलिस की मौजूदगी में कह रहा है - "मैंने गोली चलाई, गोली मिस हो गई है, मुझे एक मौका दीजिए फिर मार दूंगा।"
*FIR के बाद भी 3 आरोपी फरार*
इस मामले में बिसंडा पुलिस ने गोलू द्विवेदी को जेल भेज दिया है, लेकिन कुलदीप का आरोप है कि घटना के बाद मौके से भागे अन्य 3 अभियुक्त अभी भी फरार हैं।
पीड़ित ने प्रार्थना पत्र में यह भी लिखा है कि 21 अक्टूबर की सुबह 06 बजे देवी विसर्जन के समय आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ चौराहे पर उसे घेरकर फिर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी।
*दहशत में परिवार*
कुलदीप ने बताया कि आरोपी और उसका परिवार लगातार लाइसेंसी बंदूक लहराते हुए जान से मारने की धमकी दे रहा है। "हम लोगों के साथ कभी भी समय खून खराबा या हत्या की घटना घटित हो सकती है, हम लोग बहुत डरे और भयभीत हैं।"
*SP ने दिया आश्वासन*
22 अक्टूबर को SP कार्यालय पहुंचे कुलदीप को कप्तान साहब ने निष्पक्ष जांच और फरार तीन आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है। पीड़ित ने मांग की है कि सभी आरोपियों को जेल भेजा जाए और उसके परिवार को सुरक्षा दी जाए।
Atarra, Banda | Oct 22, 2026