बुंदेली में दर्द बयां कर थाने पहुंची वृद्धा, थाना प्रभारी ने पहले खिलाया खाना फिर सुनी फरियाद
एट: उम्र के इस पड़ाव पर जब एक बुजुर्ग महिला को अपने ही घर में दो वक्त की रोटी और सम्मान के लिए जूझना पड़ा, तो वह अपनी फरियाद लेकर थाना एट पहुंच गईं। ग्राम सोमई की रहने वाली वृद्धा ने बुंदेली अंदाज में थाना प्रभारी शिवशंकर सिंह के सामने अपना दर्द बयां किया।
वृद्धा ने बताया कि बहू उन्हें चैन से घर में रहने नहीं देती। उनका कहना था कि खाना मांगने पर गाली-गलौज और मारपीट की धमकी दी जाती है। दर्द सुनाते हुए उन्होंने कहा कि बहू के व्यवहार से परेशान होकर वह थाना आई है।
वृद्धा की बातें सुनकर थाना प्रभारी ने पहले उनकी परेशानी समझी और मानवीय संवेदना दिखाते हुए उन्हें थाने में खाना खिलाया। इसके बाद आराम से बैठाकर उनकी पूरी फरियाद सुनी। जानकारी के मुताबिक वृद्धा ने आरोप लगाया कि बेटे की मौत के बाद से ही बहू द्वारा लगातार उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी ने बहू को थाने बुलाया और बुजुर्ग महिला के साथ किसी भी तरह की बदसलूकी न करने की कड़ी हिदायत दी।
थाना प्रभारी ने स्पष्ट कहा कि यदि बुजुर्ग महिला के साथ मारपीट, गाली-गलौज या प्रताड़ना की शिकायत दोबारा मिलती है तो नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने वृद्धा को भरोसा दिलाया कि उनकी सुरक्षा और भोजन जैसी जरूरी जरूरतों में हरसंभव मदद की जाएगी। साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
थाने में बुंदेली में अपनी पीड़ा सुनाती वृद्धा और उनके प्रति थाना प्रभारी की संवेदनशीलता का वीडियो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। इस पूरे मामले ने यह भी याद दिलाया कि कभी-कभी किसी बुजुर्ग को सबसे ज्यादा जरूरत कानून से पहले एक संवेदनशील कान और दो वक्त की रोटी की होती है।
फ़िलहाल थाना प्रभारी की इस दरियादिली का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है और हर तरफ इसकी जमकर तारीफ हो रही है।
Orai, Jalaun | Aug 13, 2026