सिविल बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने तहसील खलीलाबाद में भ्रष्टाचार व लापरवाही के आरोपों को लेकर सौंपा ज्ञापन
संत कबीर नगर सिविल बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने तहसील खलीलाबाद में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कथित भ्रष्ट आचरण और राजस्व वादों के निस्तारण में हो रही देरी को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि राजस्व संहिता की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत लंबित वादों की पत्रावलियां रिपोर्ट एवं आदेश के लिए कई-कई महीनों तक अधिकारियों और कर्मचारियों के पटल पर पड़ी रहती हैं। आरोप है कि दलालों के माध्यम से संपर्क करने पर उन्हीं कार्यों को तत्काल करा दिया जाता है।
अधिवक्ताओं ने पत्रावलियां गायब होने, आपत्तियां एवं वकालतनामा हटाकर आदेश पारित किए जाने तथा लेखपालों द्वारा निजी मुंशियों के माध्यम से कार्य कराने और धन उगाही की शिकायत भी की।
सिविल बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई तथा राजस्व वादों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित कराने की मांग की।