#नालंदा - दिल्ली में सड़क हादसे में रहुई के CRPF जवान शहीद, पार्थिव शरीर पहुंचते ही उमड़ा जनसैलाब
सांसद कौशलेंद्र कुमार समेत जनप्रतिनिधियों ने दी श्रद्धांजलि, मासूम बेटी के सिर से उठा पिता का साया
नालंदा से संवाददाता राकेश कुमार
रहुई - देश की राजधानी नई दिल्ली में ड्यूटी के दौरान हुए सड़क हादसे में नालंदा जिले के रहुई नगर पंचायत निवासी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एएसआई/जीडी यादव ऋषिकेश (41) शहीद हो गए। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। शुक्रवार को सीआरपीएफ की विशेष टुकड़ी जब उनका पार्थिव शरीर लेकर पैतृक आवास पहुंची, तो अंतिम दर्शन के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग उमड़ पड़े। इस दौरान 'यादव ऋषिकेश अमर रहें' के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। शहीद जवान को श्रद्धांजलि देने के लिए नालंदा के सांसद कौशलेंद्र कुमार समेत कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग भी पहुंचे।
अज्ञात वाहन की टक्कर से हुए थे गंभीर रूप से जख्मी
यादव ऋषिकेश रहुई नगर पंचायत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के समीप के रहने वाले थे। उनके छोटे भाई कृतिकेश यादव ने बताया कि 23 नवंबर की शाम करीब सात बजे नई दिल्ली के झड़ौदा कॉलोनी इलाके में वे अपने एक साथी जवान के साथ ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान शौचालय जाने के क्रम में सड़क पार करते समय तेज रफ्तार अज्ञात बाइक या वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वे गंभीर रूप से जख्मी हो गए। रात करीब 10 बजे परिजनों को फोन से दुर्घटना और उनकी नाजुक हालत की जानकारी मिली। इसके बाद परिजन अगले दिन फ्लाइट से दिल्ली पहुंचे। उनका इलाज मैक्स हेल्थ केयर अस्पताल में चल रहा था, जहां चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद 25 नवंबर की शाम 6 बजकर 38 मिनट पर उन्होंने दम तोड़ दिया।
जम्मू-कश्मीर से दंतेवाड़ा तक निभाई देश सेवा की जिम्मेदारी
यादव ऋषिकेश वर्ष 2001 में सीआरपीएफ में भर्ती हुए थे। करीब 25 वर्षों के सेवाकाल में उन्होंने देश के कई संवेदनशील और दुर्गम क्षेत्रों में अपनी सेवाएं दीं। उन्होंने जम्मू, लेह-लद्दाख, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा और ओडिशा जैसे क्षेत्रों में तैनात रहकर पूरी निष्ठा से अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया। हाल ही में राजगीर ट्रेनिंग सेंटर में प्रशिक्षण के बाद उनकी पोस्टिंग ओडिशा में थी। वहां से दिल्ली सरकार के विशेष अनुरोध पर उन्हें दिल्ली पुलिस के साथ कानून-व्यवस्था की ड्यूटी संभालने के लिए नई दिल्ली भेजा गया था।
मासूम बेटी के सिर से उठा पिता का साया
विभागीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद सीआरपीएफ की टीम उनका पार्थिव शरीर लेकर रहुई थाना पहुंची। वहां से पूरे सैन्य और राजकीय सम्मान के साथ पार्थिव शरीर को पैतृक आवास ले जाया गया। अंतिम दर्शन के दौरान परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। शहीद जवान अपने पीछे माता-पिता, पत्नी ममता यादव, करीब 10 वर्षीय बेटी मीनाक्षी यादव और दो छोटे भाइयों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। वर्ष 2004 में उनकी शादी हुई थी। परिवार के मुख्य सहारे के चले जाने से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
शक्ति सिंह यादव ने सरकार से विशेष सहायता देने की मांग की
सीआरपीएफ जवान के निधन पर राष्ट्रीय जनता दल के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने राज्य सरकार और मुख्यमंत्री से मामले का स्वयं संज्ञान लेकर पीड़ित परिवार को विशेष सहायता देने की मांग की। उन्होंने कहा कि देश की सेवा में अपना जीवन समर्पित करने वाले जवान के निधन से पूरा क्षेत्र मर्माहत है। उनके पीछे एक छोटी बच्ची है, जिसके भविष्य की जिम्मेदारी अब परिवार पर आ गई है। ऐसे में राज्य सरकार को सामान्य नियमों से आगे बढ़कर परिवार को विशेष आर्थिक सहायता और अन्य सरकारी सुविधाएं उपलब्ध करानी चाहिए। अर्धसैनिक बलों के जवानों का सम्मान और उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है।
Rahui, Nalanda | Nov 27, 2026