नालंदा - पोआरी गांव के चिरंजीव कुमार बने हम पार्टी के युवा प्रदेश महासचिव, समर्थकों में खुशी की लहर
मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने पटना में आयोजित बैठक में सौंपी नई जिम्मेदारी, दर्जनों लोगों ने दी बधाई
नालंदा से संवाददाता राकेश कुमार
हरनौत प्रखंड क्षेत्र के पोआरी गांव निवासी चिरंजीव कुमार को हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के युवा प्रकोष्ठ का बिहार प्रदेश महासचिव मनोनीत किया गया है। उनकी इस नियुक्ति से क्षेत्र के पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी का माहौल है। मनोनयन के बाद उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
चिरंजीव कुमार को यह जिम्मेदारी पटना में आयोजित युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश पदाधिकारियों एवं जिला अध्यक्षों की बैठक में दी गई। जल संसाधन मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने उन्हें युवा प्रदेश महासचिव मनोनीत किया।
इस अवसर पर चिरंजीव कुमार ने कहा कि पार्टी के प्रति उनकी लगातार निष्ठा, समर्पण और सक्रियता को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। वह पार्टी नेतृत्व के भरोसे पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। साथ ही संगठन को मजबूत करने और युवाओं को पार्टी से जोड़ने के लिए पूरी ईमानदारी से काम करेंगे। उन्होंने बताया कि इससे पहले वह कई वर्षों तक हम पार्टी के व्यवसाय प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा चुके हैं।
उनके मनोनयन पर युवा प्रदेश अध्यक्ष शिवेंदु सिंह, पप्पू कुमार, अनुज कुमार, जितेंद्र कुमार, कामेंद्र कुमार, रजनीश कुमार, आदर्श कुमार, शिव कुमार, सुनील साह, सुजीत कुमार समेत दर्जनों लोगों ने प्रसन्नता जाहिर करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। लोगों ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में युवा संगठन को नई मजबूती मिलेगी।
Rahui, Nalanda | Nov 26, 2026