गड़खा में 5 और 6 दिसंबर को होगी ASMITA महिला राष्ट्रीय रोड साइक्लिंग लीग, राकेश कुमार सिंह बने आयोजन समिति के अध्यक्ष
छपरा। सारण जिले के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। गड़खा में आगामी 5 एवं 6 दिसंबर 2026 को ASMITA Women's Road Cycling National League का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता में देशभर की महिला साइकिलिस्ट हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगी।
भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI), युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया तथा साइक्लिंग एसोसिएशन ऑफ बिहार के सहयोग से खेलो इंडिया अभियान के तहत इस प्रतियोगिता का आयोजन होगा।
आयोजन की तैयारियों को लेकर शुक्रवार, 20 नवंबर को गड़खा स्थित सेंट जोसेफ अकादमी स्कूल में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रतियोगिता की रूपरेखा तैयार करने के साथ खिलाड़ियों के स्वागत, आवासन, भोजन, यातायात, मीडिया कवरेज और रोड एवं ट्रैक की व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा हुई।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए मुख्य आयोजन समिति एवं विभिन्न उपसमितियों का गठन किया गया। इसमें जी मीडिया के राकेश कुमार सिंह को आयोजन समिति का अध्यक्ष बनाया गया। वहीं डॉ. देव कुमार सिंह को सचिव, सुबीर कुमार, अभिषेक कुमार सिंह एवं विकास कुमार सिंह को सह सचिव तथा ऋषिकेश जी को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
इसके अलावा स्वागत समिति, यातायात समिति, भोजन एवं आवासन समिति, मीडिया समिति तथा रोड एवं ट्रैक समिति का गठन कर सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गईं। मीडिया समिति में डॉ. मनोरंजन पाठक, विपिन मिश्रा एवं आनंद वर्मा को शामिल किया गया है। मंच संचालन की जिम्मेदारी कवि निखिल कुमार एवं निकिता साह को दी गई, जबकि फोटो एवं वीडियो कवरेज का दायित्व गोपाल जी संभालेंगे।
बैठक में आयोजन समिति के सदस्यों ने आपसी समन्वय और सहयोग से प्रतियोगिता को सफल बनाने का संकल्प लिया। आयोजन समिति के सचिव डॉ. देव कुमार सिंह एवं अध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता को यादगार और सुव्यवस्थित बनाने के लिए सभी तैयारियां की जा रही हैं।
राष्ट्रीय स्तर की महिला रोड साइक्लिंग लीग का गड़खा में आयोजन सारण जिले के लिए गौरव की बात है। इससे जिले को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर नई पहचान मिलने के साथ-साथ स्थानीय युवाओं और महिला खिलाड़ियों को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
न्यूज़ बिहार सारण से राजेश कुमार
Rahui, Nalanda | Nov 21, 2026