नालंदा - धर्मपुर गांव में 121 महिला श्रद्धालुओं के द्वारा निकाली भव्य कलश शोभायात्रा,बारिश के बीच भी श्रद्धालुओं का उत्साह रहा बरकरार, मां भगवती मंदिर में सोमवार को होगी प्राण प्रतिष्ठा
नालंदा से संवाददाता राकेश कुमार
नालंदा जिले के हरनौत नगर पंचायत क्षेत्र के चेरन धर्मपुर गांव में नवनिर्मित मां भगवती मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा को लेकर रविवार को भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। इसमें 121 कन्याओं एवं महिला श्रद्धालुओं ने पीले वस्त्र धारण कर उत्साहपूर्वक भाग लिया। झमाझम बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। बारिश में भींगते हुए श्रद्धालु भक्ति गीतों की धुन पर नाचते-झूमते और जयकारे लगाते हुए शोभायात्रा में शामिल हुए।
कार्यक्रम के व्यवस्थापक सह जिला परिषद प्रतिनिधि अशोक कुमार चौहान ने बताया कि समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से गांव स्थित भगवती मंदिर का जीर्णोद्धार कराया गया है। मंदिर के निर्माण एवं जीर्णोद्धार में लगभग 10 लाख रुपये की लागत लगी है। नवनिर्मित मां भगवती मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा को लेकर दो दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया है। इसके पहले दिन रविवार को भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई।
कलश में जल भरने के लिए सभी महिला एवं कन्या श्रद्धालु बख्तियारपुर स्थित गंगा घाट पहुंचीं। वहां पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर कलश में गंगाजल भरा गया। इसके बाद श्रद्धालु सुरक्षित वाहनों के माध्यम से हरनौत बाजार स्थित न्यू पेट्रोल पंप के समीप पहुंचे। यहां से सभी महिलाएं अपने सिर पर कलश लेकर कतारबद्ध होकर पैदल चलती हुई मुख्य मार्ग से हरनौत बाजार होते हुए विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर धर्मपुर गांव स्थित मां भगवती मंदिर परिसर पहुंचीं। वहां विधि-विधान के साथ सभी कलशों को मंदिर परिसर में स्थापित किया गया। वही शिक्षक मुकेश कुमार ने बताया कि सोमवार को विशेष पूजा-अर्चना के बाद मां भगवती मंदिर में विधि-विधान के साथ प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। इसके उपरांत श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया जाएगा। साथ ही मंदिर परिसर में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से फलदार पौधों का वितरण भी किया जाएगा। बता दे कि कार्यक्रम को लेकर
मंदिर परिसर को फूल-मालाओं और रंग-बिरंगी आकर्षक लाइटों से सजाया गया है। धार्मिक अनुष्ठान को लेकर पूरे गांव में उत्सव और भक्तिमय माहौल बना हुआ है।
इस मौके पर नगर पंचायत के पूर्व मुख्य पार्षद प्रत्याशी सोनू कुमार, रंजीत कुमार, राकेश बिंद, सुदर्शन यादव, सतीश कुमार, अवधेश प्रसाद, सिकंदर कुमार, सुनील कुमार, अंकित कुमार, वाले पासवान, विलास बिंद समेत सैकड़ों ग्रामीण एवं श्रद्धालु मौजूद थे।
Rahui, Nalanda | Nov 22, 2026