संविधान दिवस पर शासकीय विधि महाविद्यालय मुरैना में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित
छात्र-छात्राओं को संविधान के मूल्यों, निःशुल्क विधिक सहायता एवं मध्यस्थता योजना की दी जानकारी
मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्ष श्रीमती संगीता मदान के मार्गदर्शन में संविधान दिवस के अवसर पर शासकीय विधि महाविद्यालय मुरैना में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री दिनेश सिंह राणा ने संविधान की प्रस्तावना का वाचन कराया तथा छात्र-छात्राओं को भारतीय संविधान के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुता के आदेशों का अर्थ एवं महत्व विस्तारपूर्वक समझाया। साथ ही विद्यार्थियों को निःशुल्क विधिक सहायता, मध्यस्थता योजना एवं बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के संबंध में जानकारी देकर विधिक अधिकारों और दायित्वों के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम में जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री बृजेन्द्र सिंह भदौरिया, महाविद्यालय की प्राचार्य श्रीमती अंजली मुदगल, अधिवक्ता परिषद मुरैना की ओर से अधिवक्ता श्री डी.के. भटनागर, श्री जितेन्द्र शर्मा, श्री पंकज भदौरिया एवं श्री सारंग गुप्ता सहित अन्य अधिवक्ता, महाविद्यालय के प्रोफेसर तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
#JansamparkMP #Morena #MadhyaPradesh
Morena, Madhya Pradesh | Nov 27, 2026