मुरैना में सूने मकान को चोरों ने बनाया निशाना, 12 लाख का माल पार; CCTV में कैद हुए तीन बदमाश
मुरैना। शहर में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। चोरों ने एक बार फिर सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। वारदात को अंजाम देने आए तीन बदमाश बाइक से पहुंचे थे। चोरी की यह पूरी घटना घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार, परशुराम कॉलोनी स्थित नाला नंबर-1 के पास रहने वाले चेतन मंगल के घर को चोरों ने निशाना बनाया। चेतन एक निजी फर्म में अकाउंटेंट का काम करते हैं। उनके परिवार में शादी का कार्यक्रम था, जो जौरा रोड स्थित एक रिसॉर्ट में आयोजित किया गया था। परिवार के सभी सदस्य रात करीब 9 बजे शादी समारोह में शामिल होने चले गए थे। इस दौरान घर पर ताला लगा हुआ था।
बताया जा रहा है कि रात करीब ढाई बजे बाइक सवार तीन बदमाश घर के सामने पहुंचे। बदमाशों ने पहले आसपास की रेकी की और फिर पत्थर की मदद से घर का ताला तोड़ दिया। इसके बाद घर में रखी गोदरेज का ताला तोड़कर उसमें रखे करीब 9 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवरात और 3 लाख रुपए नकद चोरी कर लिए।
वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। सुबह करीब 4 बजे जब परिवार के लोग शादी समारोह से वापस लौटे तो घर का सामान बिखरा मिला और ताले टूटे हुए थे। इसके बाद चोरी की जानकारी पुलिस को दी गई।
शादी के लिए जोड़कर रखे थे पैसे
परिवार के अनुसार, छोटी बहन की शादी के लिए कुछ जेवरात और करीब 3 लाख रुपए की नकदी जोड़कर रखी गई थी। चोरों ने परिवार की मेहनत की कमाई पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित परिवार ने मामले की शिकायत पुलिस से की है।
CCTV में कैद हुई वारदात
चोरी की पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। फुटेज में एक बदमाश ताला तोड़ता दिखाई दे रहा है, जबकि दूसरा बाइक पर बैठा नजर आ रहा है। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
#मुरैना #morena #पुलिस #चोर