नगर निगम की महिला अधिकारी की हठधर्मिता! व्यापारियों से विवाद के बाद सदर बाजार में नहीं लगी झाड़ू
मुरैना। शहर के प्रमुख सदर बाजार में नगर निगम की सफाई व्यवस्था को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। हैरानी की बात यह है कि जिस बाजार में रोजाना बड़ी संख्या में लोग खरीदारी करने पहुंचते हैं, वहां सफाई कर्मचारी झाड़ू लगाने तक नहीं पहुंचे। आखिरकार व्यापारियों को खुद ही सड़क पर उतरकर सफाई करनी पड़ी।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, नगर निगम की एक महिला अधिकारी सदर बाजार में गंदगी को लेकर व्यापारियों के चालान करने पहुंची थीं। इस दौरान व्यापारियों ने अधिकारी के सामने बाजार में नियमित सफाई नहीं होने और जगह-जगह फैली गंदगी को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की।
बताया जा रहा है कि व्यापारियों की शिकायत सुनने के बजाय महिला अधिकारी नाराज हो गईं और कथित तौर पर उन्होंने धमकी भरे अंदाज में कह दिया कि अब कल से बाजार में झाड़ू नहीं लगेगी।
व्यापारियों का आरोप है कि आज सदर बाजार में सफाई कर्मचारी झाड़ू लगाने ही नहीं आए। इसके बाद व्यापारियों को मजबूरन खुद ही झाड़ू उठाकर सड़क और दुकानों के आसपास सफाई करनी पड़ी।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या नगर निगम की जिम्मेदारी केवल व्यापारियों के चालान काटने तक सीमित रह गई है? यदि बाजार में सफाई नहीं होगी तो इसकी जवाबदेही किसकी होगी?
सवाल नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारियों से है कि क्या व्यापारियों की शिकायत पर सफाई व्यवस्था सुधारने के बजाय सफाई बंद कर देना उचित है? आखिर सदर बाजार के व्यापारियों को अपने स्तर पर सफाई करने के लिए मजबूर क्यों होना पड़ा?
#मुरैना #morena #नगरनिगम #स्वच्छता #सफाई #झाड़ू