जनजाति कल्याण केंद्र महाकोशल को राष्ट्रीय सम्मान
11वें संत ईश्वर सम्मान समारोह में उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने प्रदान किया सम्मान एवं प्रशस्ति-पत्र
नई दिल्ली– जनजातीय समाज के बीच शिक्षा, स्वास्थ्य, संस्कार, सामाजिक जागरूकता और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में निरंतर सेवा कार्य कर रहे जनजाति कल्याण केंद्र महाकोशल को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया। नई दिल्ली में आयोजित 11वें संत ईश्वर सम्मान समारोह-2026 में भारत के उपराष्ट्रपति एवं राज्यसभा के सभापति सी.पी. राधाकृष्णन ने संस्था के सेवा प्रकल्प को सम्मान एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया।
समिति की ओर से अध्यक्ष एम.एल. साहू एवं ज्ञानेंद्र सिंह ने सम्मान ग्रहण किया। संत ईश्वर सम्मान समाजसेवा, मानवीय संवेदना और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को प्रदान किया जाता है। यह सम्मान लगातार 11 वर्षों से आयोजित किया जा रहा है।
जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा से आत्मनिर्भरता तक सेवा
जनजाति कल्याण केंद्र महाकोशल द्वारा दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों में स्थानीय जरूरतों के अनुरूप शिक्षा, स्वास्थ्य, संस्कार, कौशल विकास और आत्मनिर्भरता से जुड़े विभिन्न सेवा प्रकल्प संचालित किए जा रहे हैं। संस्था का प्रयास जनजातीय समाज के बच्चों, युवाओं और परिवारों को सहायता के साथ-साथ विकास के अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है।
समारोह में उपराष्ट्रपति ने समाजसेवी संस्थाओं के जमीनी योगदान की सराहना करते हुए सेवा, करुणा, चरित्र और सामाजिक उत्तरदायित्व को राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण आधार बताया।
सेवा साधकों के समर्पण का सम्मान
जनजाति कल्याण केंद्र महाकोशल के अध्यक्ष एम.एल. साहू ने कहा कि यह सम्मान किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि दूरस्थ क्षेत्रों में समाज के बीच रहकर सेवा करने वाले सभी कार्यकर्ताओं, सेवा साधकों और सहयोगियों के समर्पण का सम्मान है।
वहीं ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर मिला यह सम्मान संस्था को जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, संस्कार और आत्मनिर्भरता के सेवा प्रकल्पों को और व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने की प्रेरणा देगा।
संस्था के सेवा कार्यों का मूल भाव ‘नर सेवा ही नारायण सेवा’ की भारतीय परंपरा से जुड़ा है। राष्ट्रीय सम्मान मिलने से जनजातीय क्षेत्रों में चल रहे इन सेवा प्रयासों को नई पहचान के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प मजबूत हुआ है।
रिपोर्ट –@चंद्रशेखर पटेल
#JanjatiKalyan #Mahakaushal #SantIshwarSamman #NationalAward #TribalDevelopment #NewDelhi