बाँदा में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का सपा पर हमला, घोषणा पत्र को बताया ‘ढकोसला पत्र’
बाँदा। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शनिवार को बाँदा पहुंचे, जहां उन्होंने अपने संबोधन के दौरान समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने सपा के घोषणा पत्र को ‘ढकोसला पत्र’ बताते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी गुंडों के बिना शून्य है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा केवल वादे करती है, लेकिन उन्हें पूरा नहीं करती। उन्होंने कहा कि जनता अब झूठे वादों में आने वाली नहीं है।
डिप्टी सीएम ने कहा कि कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर लक्ष्य निर्धारित करने पर चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
इसके बाद उपमुख्यमंत्री सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी द्वारा आयोजित पांच दिवसीय भक्त चरित्र कथा में शामिल होने के लिए पंडित जवाहरलाल नेहरू डिग्री कॉलेज मैदान पहुंचे। यहां प्रख्यात कथावाचक आचार्य इंद्रेश उपाध्याय जी महाराज के श्रीमुख से कथा का आयोजन किया जा रहा है। डिप्टी सीएम ने कथा का श्रवण किया और आयोजकों तथा श्रद्धालुओं से मुलाकात की।
इस दौरान उन्होंने धार्मिक आयोजनों को लेकर टिप्पणी करते हुए कहा कि जिन लोगों को कथा और धार्मिक कार्यक्रमों से दिक्कत थी, वे लोग बहुत दूर जा चुके हैं। कथा स्थल पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने पंडित जेएन डिग्री कॉलेज मैदान में आयोजित भंडारे में पहुंचकर प्रसाद भी ग्रहण किया।
डिप्टी सीएम के इस दौरे में धार्मिक और राजनीतिक, दोनों ही गतिविधियां देखने को मिलीं। एक ओर भक्त चरित्र कथा में उनकी सहभागिता रही, वहीं दूसरी ओर उनके राजनीतिक संबोधन में समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा गया। उनके दौरे को वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के संदर्भ में भी देखा जा रहा है।
#BandaNews #KeshavPrasadMaurya #Banda #UPPolitics #BhaktiCharitraKatha
Banda, Banda | Nov 28, 2026