मणिमहेश यात्रा में आज 253 श्रद्धालुओं ने पैदल तो 137 ने हेली टैक्सी से की यात्रा
26 अगस्त को भरमौर से गौरीकुंड के लिए 36 उड़ानें, 26 लंगर संस्थाओं को मिली अनुमति; ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य
भरमौर, 26 अगस्त।
श्री मणिमहेश यात्रा-2026 के तहत बुधवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पैदल और हेली टैक्सी के माध्यम से पवित्र मणिमहेश धाम की ओर रुख किया। उपमंडल अधिकारी (नागरिक) भरमौर अजय कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार को हड़सर से मणिमहेश तक पैदल यात्रा मार्ग से 253 श्रद्धालु रवाना हुए।
उन्होंने बताया कि इसी दिन भरमौर से गौरीकुंड के लिए हेली टैक्सी सेवा की 36 उड़ानें संचालित की गईं, जिनमें 137 श्रद्धालुओं ने हवाई सेवा का लाभ उठाया। हेली सेवा शुरू होने से श्रद्धालुओं को काफी सुविधा मिल रही है।
एसडीएम ने श्रद्धालुओं से अपील की कि यात्रा के दौरान प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। मौसम और यात्रा मार्ग की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सावधानी बरतें तथा समय-समय पर जारी एडवाइजरी का पालन कर प्रशासन का सहयोग करें।
26 लंगर संस्थाओं को मिली अनुमति
एसडीएम ने बताया कि 26 अगस्त तक मणिमहेश यात्रा के दौरान लंगर लगाने के लिए 26 लंगर संस्थाओं ने आवश्यक अनुमति प्राप्त कर ली है। उन्होंने कहा कि लंगर लगाने के इच्छुक व्यक्ति एवं संस्थाएं 31 अगस्त से पहले उपमंडल अधिकारी कार्यालय से अनुमति प्राप्त कर सकते हैं।
यात्रा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य
एसडीएम अजय कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि मणिमहेश यात्रा पर जाने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य है। श्रद्धालु यात्रा से पूर्व आधिकारिक वेबसाइट www.manimaheshyatra.hp.gov.in पर अपना पंजीकरण करवाएं।
उन्होंने कहा कि बिना ऑनलाइन पंजीकरण किसी भी श्रद्धालु को यात्रा की अनुमति नहीं दी जाएगी। श्रद्धालु पंजीकरण से संबंधित जानकारी केवल आधिकारिक माध्यम से प्राप्त करें।
Dharwala, Chamba | Aug 26, 2026