मांधा स्कूल में स्वयंसेवियों ने चलाया ‘एक दिन स्वच्छता के नाम’ अभियान
हिमाचल 84 टीवी ब्यूरो भरमौर मांधा।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मांधा के परिसर में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवियों द्वारा ‘एक दिन स्वच्छता के नाम’ के तहत एक दिवसीय विशेष स्वच्छता एवं जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या सुचित्रा गुलेरिया ने किया।
इसके बाद एनएसएस स्वयंसेवियों को अलग-अलग टीमों में बांटकर स्वच्छता अभियान शुरू किया गया। ‘स्वच्छता ही सेवा है’ के मूल मंत्र के साथ आयोजित इस अभियान में स्वयंसेवियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और श्रमदान करते हुए विद्यालय परिसर की साफ-सफाई की।
राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी एवं प्रवक्ता हिंदी सुभाष शर्मा ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व, श्रमदान के महत्व तथा स्वच्छता के प्रति जागरूकता की भावना पैदा करना है। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम विद्यार्थियों को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के समापन पर प्रधानाचार्या सुचित्रा गुलेरिया ने स्वयंसेवियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में अनुशासन, जिम्मेदारी और समाजसेवा की भावना का विकास होता है। विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा किए गए स्वच्छता प्रयासों की स्थानीय लोगों ने भी खूब सराहना की।
इस अवसर पर विद्यालय का समस्त शिक्षक वर्ग एवं कर्मचारी मौजूद रहे।