मजदूरी करने वाले अधेड़ की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, बेटों ने जताया हत्या का अंदेशा; अनाथ हुए 3 बच्चे
हरदोई। मझिला थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत संत राहा के मजरा कन्जाही में 45 वर्षीय मजदूर ओमकार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पिता की मौत के बाद बच्चों पर टूटा दुखों का पहाड़
बताया जाता है कि ओमकार की पत्नी का निधन पहले ही हो चुका था। वह मजदूरी करके अपनी बेटी लक्ष्मी (20), बेटे शोभित (15) और शैलेंद्र (8) का पालन-पोषण कर रहे थे। अब पिता की अचानक मौत के बाद तीनों बच्चों के सामने भरण-पोषण और भविष्य का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
बेटे ने लगाए गंभीर आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग
मृतक के बेटे शोभित ने आरोप लगाया कि उसके पिता सरदार दुबे के यहां झाला पर मजदूरी करते थे, जहां उनके साथ मारपीट की जाती थी और उन्हें शराब पिलाई जाती थी। शोभित ने पिता की मौत को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों के आरोपों को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के साक्ष्यों के आधार पर ही मौत की सही वजह स्पष्ट हो सकेगी।
Hardoi, Hardoi | Sep 20, 2026